जनदर्शन में गूंजीं बिजली, सड़क और शिक्षा की समस्याएं, कलेक्टर ने दिए त्वरित निराकरण के निर्देश

कोंडागांव, 15 जुलाई। जिला कार्यालय के सभाकक्ष में मंगलवार को आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन में कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने सभी आवेदनों का गंभीरता से परीक्षण करते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

Uploaded Image

जनदर्शन में ग्राम काकड़गांव के ग्रामीणों ने दहिकोंगा सबस्टेशन से बार-बार होने वाली बिजली कटौती की शिकायत की। ग्राम चेरबेड़ा के सगाराम मरकाम ने लो-वोल्टेज के कारण रागी की फसल प्रभावित होने की जानकारी देते हुए समस्या के स्थायी समाधान की मांग रखी। वहीं ग्राम पंचायत कर्रारमेटा के ग्रामीणों ने माध्यमिक शाला में शिक्षकों की कमी से विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित होने का मुद्दा उठाया।

Uploaded Image

ग्राम बड़ेबंजोड़ा के ग्रामीणों ने राष्ट्रीय राजमार्ग-30 से दहिकोंगा होते हुए गोलावण्ड मार्ग के लगभग 2 से 3 किलोमीटर जर्जर हिस्से की मरम्मत कराने की मांग की। ग्राम पंचायत बफना के सरपंच सुकदेव नेताम ने पुराने और जर्जर आंगनबाड़ी भवनों के स्थान पर दो नए भवन स्वीकृत करने का अनुरोध किया।

 

इसके अलावा जनदर्शन में राजस्व प्रकरण, वनाधिकार पट्टा, सीसी सड़क निर्माण सहित विभिन्न जनसमस्याओं से जुड़े आवेदन भी प्राप्त हुए। कलेक्टर ने सभी मामलों के शीघ्र एवं प्रभावी निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

Related Post