कोरबा। सावन माह में कनकेश्वर धाम कनकी में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए उरगा पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। श्रद्धालुओं की यात्रा को सुरक्षित और शांतिपूर्ण बनाने के लिए सर्वमंगला मंदिर से कनकी धाम तक लगातार पुलिस पेट्रोलिंग की जाएगी। इसके साथ ही संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल और पुलिस मित्रों की भी तैनाती रहेगी।
उरगा थाना प्रभारी नवीन पटेल ने बताया कि यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था, छेड़छाड़, मारपीट या उपद्रव करने वालों के खिलाफ तत्काल सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की है कि यदि यात्रा के दौरान कोई व्यक्ति परेशान करता है या किसी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि दिखाई देती है, तो तुरंत पुलिस को सूचना दें।
थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस मित्रों को भी विभिन्न स्थानों पर तैनात किया गया है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर तत्काल सहायता मिल सके। पूरे यात्रा मार्ग पर पुलिस की लगातार गश्त रहेगी और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के साथ किसी भी प्रकार की नरमी नहीं बरती जाएगी। उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष भी सावन यात्रा के दौरान शांति व्यवस्था भंग करने वाले 16 लोगों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई की थी।
उरगा पुलिस ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि यात्रा के दौरान अनुशासन बनाए रखें, अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत पुलिस से संपर्क करें।
संपर्क नंबर:
उरगा थाना प्रभारी नवीन पटेल – 9479194640
