कोंडागांव, 28 जुलाई। कोंडागांव जिले के पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा (आईपीएस) ने राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले और छत्तीसगढ़ पुलिस का गौरव बढ़ाया है। हैदराबाद स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल राष्ट्रीय पुलिस अकादमी में आयोजित 48वें आईपीएस इंडक्शन ट्रेनिंग कोर्स में शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें "हाई अचीवमेंट सर्टिफिकेट" से सम्मानित किया गया।
6 अप्रैल से 15 मई 2026 तक आयोजित इस प्रशिक्षण में देशभर के आईपीएस अधिकारियों का मूल्यांकन कक्षा में सहभागिता, केस स्टडी, अनुशासन, व्यवहार और एमसीक्यू परीक्षा के आधार पर किया गया। इन सभी मानकों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए एसपी पंकज चंद्रा ने देशभर के शीर्ष पांच अधिकारियों में स्थान हासिल किया।
प्रशिक्षण के दौरान उन्होंने अपने प्रेजेंटेशन में कोंडागांव की पहचान केशकाल घाटी के ट्रैफिक प्रबंधन को विषय बनाया। उन्होंने बढ़ते यातायात दबाव, सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए आधुनिक एवं दूरदर्शी ट्रैफिक मैनेजमेंट की विस्तृत कार्ययोजना प्रस्तुत की, जिसकी राष्ट्रीय पुलिस अकादमी के वरिष्ठ अधिकारियों और विशेषज्ञों ने सराहना की।
उल्लेखनीय है कि कोंडागांव में पदस्थापना के दौरान एसपी पंकज चंद्रा ने अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने, साइबर अपराधों पर प्रभावी कार्रवाई, सामुदायिक पुलिसिंग और जनविश्वास बढ़ाने की दिशा में कई उल्लेखनीय पहल की हैं। उनकी कार्यकुशलता, त्वरित निर्णय क्षमता और टीम नेतृत्व को राष्ट्रीय स्तर पर मिली यह पहचान जिले और प्रदेश के लिए गर्व का विषय है।
इस उपलब्धि पर कोंडागांव पुलिस परिवार में खुशी का माहौल है। जिले के पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने एसपी पंकज चंद्रा को बधाई देते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में कोंडागांव पुलिस भविष्य में भी नई उपलब्धियां हासिल करती रहेगी।
