अरनोद पुलिस की त्वरित कार्रवाई, 24 घंटे में लूट का खुलासा
03 आरोपी गिरफ्तार, लूट में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद
अरनोद।
पुलिस थाना अरनोद द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए लूट की वारदात का 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया गया है। पुलिस ने मामले में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लूट में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है।
जिला पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ बी. आदित्य के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं वृत्ताधिकारी अरनोद के मार्गदर्शन में थानाधिकारी अरनोद के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने यह सफलता हासिल की।
घटना विवरण के अनुसार प्रार्थी द्वारा रिपोर्ट दी गई कि वह अपने निजी कार्य से मोटरसाइकिल से जा रहा था। रास्ते में तीन अज्ञात व्यक्तियों ने गाली-गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट की और उसकी मोटरसाइकिल व हेलमेट लूटकर फरार हो गए।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए संदिग्धों को चिन्हित कर पूछताछ की गई, जिसमें तीनों आरोपियों ने अपराध करना स्वीकार किया। आरोपियों की निशानदेही पर लूटी गई मोटरसाइकिल बरामद कर ली गई है।
फिलहाल आरोपियों से आगे की पूछताछ जारी है तथा अन्य मामलों में संलिप्तता की जांच की जा रही है।
