अब हर संकट में पुलिस होगी मिनटों में हाज़िर, कोरबा को मिली नई Dial-112 फ्लीट

Anp News live Korba प्रदेश में आधुनिक और त्वरित पुलिस सहायता व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए कोरबा जिले को “नेक्स्ट जेन CG Dial-112” सेवा के तहत 22 अत्याधुनिक डायल-112 वाहन प्राप्त हुए हैं। इन वाहनों का शुभारंभ रायपुर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री Amit Shah एवं छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के कर-कमलों से किया गया।

राज्य के सभी 33 जिलों के लिए शुरू की गई इस नई सेवा के अंतर्गत 400 से अधिक आधुनिक वाहनों एवं 32 मोबाइल फॉरेंसिक वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इसी क्रम में कोरबा जिले को 22 आधुनिक Dial-112 वाहन उपलब्ध कराए गए हैं, जिन्हें जिले के विभिन्न महत्वपूर्ण स्थानों पर तैनात किया जाएगा, ताकि आपात स्थिति में आम नागरिकों को तुरंत सहायता मिल सके।

Uploaded Image

इन हाईटेक वाहनों में स्मार्टफोन, GPS, वायरलेस रेडियो, PTZ कैमरा, डैश कैमरा, मोबाइल NVR और सोलर बैकअप जैसी आधुनिक तकनीकों का उपयोग किया गया है। इन सुविधाओं की मदद से घटनास्थल की लाइव मॉनिटरिंग, रीयल-टाइम ट्रैकिंग और तेज संचार व्यवस्था सुनिश्चित हो सकेगी। यह सेवा 24 घंटे और सातों दिन आम जनता की सुरक्षा और सहायता के लिए सक्रिय रहेगी।

“एक्के नम्बर, सब्बो बर…” की थीम पर आधारित Dial-112 सेवा सड़क दुर्घटना, मेडिकल इमरजेंसी, महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा सहित हर प्रकार की आपात स्थिति में लोगों के लिए राहत का माध्यम बनेगी। नागरिक अब वॉयस कॉल, SMS, ईमेल, वेब पोर्टल, WhatsApp, चैटबॉट और SOS-112 इंडिया ऐप के जरिए भी सहायता प्राप्त कर सकेंगे।

कोरबा जिले के लिए इन संसाधनों से लैस वाहनों को प्राप्त करने हेतु जिले के 24 अधिकारी और कर्मचारी रायपुर कार्यक्रम में शामिल हुए। पुलिस प्रशासन ने कहा कि Dial-112 केवल एक सेवा नहीं बल्कि आम जनता के लिए सुरक्षा और भरोसे की लाइफलाइन है। इन वाहनों में तैनात पुलिस अधिकारी और कर्मचारी 24×7 पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ आमजन की सेवा के लिए तत्पर रहेंगे।

कोरबा पुलिस एवं जिला प्रशासन ने राज्य शासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए भरोसा दिलाया है कि संकट की हर घड़ी में लोगों को त्वरित और प्रभावी सहायता उपलब्ध कराने में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी। यह पहल सुरक्षित, संवेदनशील और सशक्त छत्तीसगढ़ के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

Related Post