Anp news live Korba नशामुक्त भारत अभियान के तहत कोरबा जिले में लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसी कड़ी में जनपद पंचायत कटघोरा अंतर्गत ग्राम पंचायत मुढाली में नशामुक्ति रैली निकाली गई।
रैली के माध्यम से ग्रामीणों और आम नागरिकों को मादक पदार्थों से दूर रहने का संदेश दिया गया। लोगों को समझाया गया कि नशे का असर केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य तक सीमित नहीं रहता, बल्कि इसका प्रभाव परिवार और पूरे समाज पर भी पड़ता है।
ग्रामीणों को दिलाई गई शपथ
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित ग्रामीणों को किसी भी प्रकार के मादक पदार्थों का सेवन नहीं करने की शपथ दिलाई गई। साथ ही नशामुक्त समाज के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प भी कराया गया।
रैली के दौरान लोगों से अपील की गई कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और अपने परिवार तथा आसपास के लोगों को भी नशे के नुकसान के बारे में जागरूक करें। आयोजन का उद्देश्य सामूहिक प्रयासों के जरिए स्वस्थ और नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए लोगों की भागीदारी बढ़ाना रहा।
ये रहे उपस्थित
कार्यक्रम में ग्राम पंचायत मुढाली के सरपंच रामेश्वर सिंह मरकाम, परिवीक्षा अधिकारी मुकेश कुमार दिवाकर, आबकारी उप निरीक्षक जया मेहर, प्रधान पाठक टेक राम यादव, प्रधान आरक्षक हेमप्रकाश डडसेना, पवन राजवांडे और सहायक वर्ग-3 दीपक मार्काे सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीणों को नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने और अपने गांव को नशामुक्त बनाने में सहयोग करने का संदेश दिया गया।
