सेवा पखवाड़ा के तहत दीप प्रज्वलित कर दीर्घायु एवं देश की खुशहाली की कामना
आशीष श्रीवास / गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, 17 सितंबर
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसी क्रम में जिला पंचायत क्षेत्र के ग्राम पंचायत तेंदुमुड़ा तथा जिला पंचायत सदस्य श्री पवन पैकरा के गृह ग्राम पंचायत देवर गांव स्थित मालानिया जलाशय में विशेष कार्यक्रम आयोजित कर प्रधानमंत्री के स्वस्थ, सुखी एवं दीर्घायु जीवन की कामना की गई। दोनों स्थानों पर बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, पंचायत प्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
तेंदुमुड़ा में दीप प्रज्वलित कर मनाया जन्मदिन

सेवा पखवाड़ा के तहत पहला कार्यक्रम ग्राम पंचायत तेंदुमुड़ा में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य श्री पवन पैकरा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने दीप प्रज्वलित कर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं तथा उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।
इस अवसर पर जनपद पंचायत गौरेला के सीईओ श्री ज्ञानदार भगत, ग्राम पंचायत तेंदुमुड़ा की सरपंच श्रीमती तोशकुंवर खुसरो, क्षेत्रीय जनपद सदस्य प्रतिनिधि श्री नरेश कुमार, सेमरा भाजपा मंडल से श्री अजय तिवारी, ग्राम पंचायत के उपसरपंच श्री बाला कश्यप, जनपद पीओ श्री रोशन सराफ एवं एडीईओ श्री कीर्ति खुसरो सहित पंचायत के पंचगण, सचिव, माताएं-बहनें एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में ग्रामीणों ने प्रधानमंत्री के जन्मदिन को उत्साह के साथ मनाते हुए देश की प्रगति, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। कार्यक्रम के दौरान सेवा पखवाड़ा के माध्यम से समाज और राष्ट्रहित में सेवा कार्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प भी व्यक्त किया गया।
मालानिया जलाशय में भी हुआ विशेष आयोजन

इसके बाद दूसरा कार्यक्रम जिला पंचायत सदस्य श्री पवन पैकरा के गृह ग्राम पंचायत देवर गांव के मालानिया जलाशय में आयोजित किया गया। जलाशय के सुरम्य वातावरण में आयोजित कार्यक्रम में ग्रामीणों ने बड़ी संख्या में हिस्सा लिया। इस दौरान जलाशय के किनारे दीप प्रज्वलित कर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन को उत्सव के रूप में मनाया गया।
कार्यक्रम में ग्राम पंचायत देवर गांव की सरपंच श्रीमती बीरसिया बाई धुर्वे सहित जिला जल संसाधन विभाग एवं स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के जिला स्तरीय अधिकारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे। उपस्थित लोगों ने सामूहिक रूप से दीप प्रज्वलित कर प्रधानमंत्री के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन तथा देश की निरंतर प्रगति की कामना की।
पवन पैकरा ने कहा—सेवा और राष्ट्रहित का संदेश देता है सेवा पखवाड़ा
इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य श्री पवन पैकरा ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का जीवन सेवा, समर्पण और राष्ट्रहित के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक है। उनके जन्मदिन के अवसर पर सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम लोगों को समाज और राष्ट्र की सेवा के लिए प्रेरित करते हैं।

उन्होंने कहा कि तेंदुमुड़ा और मालानिया जलाशय में दीप प्रज्वलित कर प्रधानमंत्री के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना के साथ देश की सुख-समृद्धि और खुशहाली के लिए भी प्रार्थना की गई। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी के माध्यम से सेवा कार्यों को आगे बढ़ाना ही ऐसे आयोजनों का प्रमुख उद्देश्य है।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों में विशेष उत्साह देखने को मिला। ग्रामीणों ने प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर एक-दूसरे को शुभकामनाएं दीं और देश की एकता, अखंडता, शांति एवं समृद्धि की कामना की।
दोनों कार्यक्रमों में पंचायत प्रतिनिधियों, अधिकारियों, भाजपा कार्यकर्ताओं, ग्रामीणों एवं महिलाओं की सक्रिय सहभागिता रही। कार्यक्रम का समापन भारत माता की जय के उद्घोष के साथ हुआ।
