केशकाल घाटी में तेज रफ्तार बस चालक की लापरवाही, पुलिस पर चढ़ाने का किया प्रयास — चालक गिरफ्तार

कोंडागांव, 07 जनवरी 2026 | जिला कोंडागांव पुलिस ने लापरवाहीपूर्वक तेज रफ्तार वाहन चलाने एवं पुलिसकर्मियों पर जानलेवा हमला करने के मामले में एक बस चालक को गिरफ्तार कर बड़ी कार्यवाही की है।

Uploaded Image

प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार 4 जनवरी की रात केशकाल घाटी में लगातार जाम की स्थिति बनी हुई थी। इसी दौरान जगदलपुर से नागपुर की ओर जा रही बस क्रमांक CG-17-LC-5355 का चालक पुष्पेंद्र कोर्राम तेज गति से लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए गलत दिशा में ओवरटेकिंग कर रहा था। केशकाल पुलिस द्वारा विश्रामपुरी चौक में बस को रोकने का प्रयास करने पर चालक ने पुलिसकर्मी पर बस चढ़ाने का प्रयास किया तथा पुलिस अधिकारियों के साथ गाली-गलौज करते हुए विवाद करने लगा।

 

इस घटना की रिपोर्ट डीएसएफ आरक्षक उमेशदास मानिकपुरी द्वारा थाना केशकाल में दर्ज कराई गई। रिपोर्ट के आधार पर आरोपी चालक के विरुद्ध धारा 109, 121(1), 132 एवं 296 बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया।

 

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा (भा.पु.से.) के निर्देशानुसार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कौशलेंद्र देव पटेल (रा.पु.से.) के मार्गदर्शन एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस अरुण नेताम (रा.पु.से.) के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी विकास बघेल के नेतृत्व में आरोपी पुष्पेंद्र कुमार कोर्राम (उम्र 29 वर्ष) को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

 

इस संपूर्ण कार्यवाही में निरीक्षक विकास बघेल, उपनिरीक्षक निहार रंजन मंडल, हेमंत देवांगन, बुधमल समरथ, प्रधान आरक्षक माधुरी रावटे, आरक्षक मनोहर निषाद, कमलेश कंवर, धर्मेंद्र नेगी एवं लोकेश्वर तारम की अहम भूमिका रही।

Related Post