कोंडागांव, 13 अगस्त 2025: कोंडागांव जिले के मर्दापाल थाना पुलिस ने एक नाबालिग लड़की को शादी का झांसा देकर भगा ले जाने और उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाने के आरोप में बुधवार को एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान कोंडागांव थाना मर्दापाल के ग्राम कांगा बड़ेपारा निवासी चंपू नाग पिता मेहतर नाग (23) के रूप में हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता ने थाना मर्दापाल में शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपी चंपू नाग उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था और शादी का प्रलोभन देकर उसके साथ जबरदस्ती दुष्कर्म किया। जब पीड़िता ने शादी से इंकार किया तो आरोपी ने उसे रास्ता रोककर धमकाया और जान से मारने की धमकी भी दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक कोंडागांव वाय अक्षय कुमार और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कौशलेंद्र देव पटेल के निर्देश पर उप पुलिस अधीक्षक सतीश भार्गव के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी मर्दापाल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को उसके गांव से गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी के खिलाफ थाना मर्दापाल में अपराध क्रमांक 17/2025 के तहत धारा 64, 65 (2), 351(3), 126(2), BNS और 04 पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को माननीय अपर सत्र न्यायाधीश कोंडागांव के समक्ष पेश किया गया, जहाँ से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई में थाना मर्दापाल प्रभारी नरेश कुमार साहू, महिला प्र.आर. 07 सुनीता उइके, प्र.आर. 12 मूलचंद बघेल, प्र.आर. 229 संत राम नायक, प्र.आर. 252 कचरू राम नेताम, आरक्षक 964 समीर नेताम, आरक्षक 373 विरेंश सिंह, आरक्षक 730 तोषण कश्यप का सराहनीय योगदान रहा।
