कोंडागांव, 20 अगस्त 2026। जिला कांग्रेस कमेटी कोंडागांव के नेतृत्व में गुरुवार को आधुनिक भारत के निर्माता एवं पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्व. राजीव गांधी की 82वीं जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेसजनों ने स्व. राजीव गांधी के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया।
इस दौरान वक्ताओं ने राजीव गांधी के देश के विकास, आधुनिक तकनीक, संचार क्रांति, पंचायती राज व्यवस्था और युवाओं को राष्ट्र निर्माण में सहभागी बनाने के लिए किए गए कार्यों को याद किया। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी ने भारत को 21वीं सदी में ले जाने के लिए दूरदर्शी कदम उठाए और आधुनिक एवं सशक्त भारत का सपना देखा।
कार्यक्रम में जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री जेपी यादव, उपाध्यक्ष सुखराम पोयाम, शहर अध्यक्ष नरेंद्र देवांगन, ब्लॉक अध्यक्ष देवेंद्र कोर्राम, शहर महिला अध्यक्ष हेमा देवांगन सहित कांग्रेस के पदाधिकारी, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई के कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे।
