राजनांदगांव। जिला कांग्रेस कमेटी राजनांदगांव के प्रवक्ता चुम्मन साहू ने नितीश मंडल द्वारा पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने पर भाजपा पर तीखा हमला बोला है।
चुम्मन साहू ने कहा कि “भाजपा के लोगों की राजनीति का नया फार्मूला बन गया है।पहले गलती करो, किसी पर आपत्तिजनक टिप्पणी करो, विवाद खड़ा करो और जब चारों तरफ सवाल उठने लगें तो माफी मांग लो। यही इनकी ‘माफी वीर’ राजनीति है।”
उन्होंने कहा कि नितीश मंडल ने स्वयं सार्वजनिक पोस्ट में टाइपिंग की गलती के कारण पोस्ट का अर्थ अलग निकलने की बात स्वीकार करते हुए भूपेश बघेल से माफी मांगी है। गलती स्वीकार करना अच्छी बात है, लेकिन सवाल यह है कि भाजपा से जुड़े लोग सोशल मीडिया पर पोस्ट करने से पहले शब्दों की जिम्मेदारी क्यों नहीं समझते?
साहू ने कहा, “भाजपा को अब यह बताना चाहिए कि आखिर ऐसी गलतियों और विवादित बयानों के बाद माफी मांगने का सिलसिला कब तक चलेगा। राजनीति में मर्यादा और जिम्मेदारी जरूरी है। बार-बार गलती करना और फिर माफी मांग लेना जनता को गुमराह करने का रास्ता नहीं हो सकता।”
उन्होंने कहा कि “माफी मांगने से गलती मिट नहीं जाती, बल्कि यह सामने आता है कि पहले की गई बात कितनी गैर-जिम्मेदाराना थी। भाजपा के नेताओं और कार्यकर्ताओं को सोशल मीडिया पर राजनीति करने से पहले शब्दों की मर्यादा और उसके प्रभाव की जिम्मेदारी समझनी चाहिए।”
