Anp News Live Sakti मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने प्रदेशवासियों से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सेवा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जरूरतमंदों की सहायता जैसे कार्यों में लोगों की भागीदारी से इस अभियान को जनसेवा का व्यापक उत्सव बनाया जा सकता है।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों के नाम जारी अपनी अपील में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष राष्ट्र और जनसेवा को समर्पित किए हैं। प्रधानमंत्री के जन्मदिवस 17 सितंबर के अवसर पर देशभर में एक महीने तक सेवा संकल्प अभियान आयोजित किया जा रहा है।
सेवा छत्तीसगढ़ की संस्कृति का हिस्सा
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि सेवा छत्तीसगढ़ की संस्कृति और संस्कारों से जुड़ी हुई है। उन्होंने लोगों से अपने गांव, शहर और आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, जरूरतमंदों की मदद और अन्य जनसेवा के कार्यों में अपनी क्षमता के अनुसार योगदान देने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य लोगों को सेवा की भावना से जोड़ना और समाज व राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित करना है। मुख्यमंत्री ने अधिक से अधिक लोगों को इस अभियान से जोड़ने की अपील भी की।
विकास योजनाओं से लोगों के जीवन में बदलाव
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गरीब कल्याण और विकास से जुड़ी योजनाओं के माध्यम से अनेक परिवारों को लाभ मिला है। पक्के आवास, स्वच्छ पेयजल, बिजली, सड़क, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी बुनियादी सुविधाओं के विस्तार से लोगों के जीवन में बदलाव आया है।
उन्होंने कहा कि विकास का वास्तविक उद्देश्य आम लोगों के सपनों को पूरा करना, उनका आत्मविश्वास बढ़ाना और जीवन में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
17 सितंबर की शाम 7 बजे जलाएं ‘आशीर्वाद का दीया’
मुख्यमंत्री श्री साय ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर प्रदेशवासियों से विशेष अपील की है। उन्होंने कहा कि 17 सितंबर की शाम 7 बजे हर परिवार अपने घर में ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाए। उन्होंने आसपास के लाभार्थी परिवारों को भी इस पहल से जोड़ने का आग्रह किया।
मुख्यमंत्री के अनुसार, ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ और दीर्घ जीवन के लिए प्रदेशवासियों की शुभकामनाओं के साथ-साथ सेवा, जनकल्याण और विकसित भारत के संकल्प का प्रतीक होगा।
हर व्यक्ति अपनी क्षमता के अनुसार करे सेवा
मुख्यमंत्री ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के दौरान समाज का प्रत्येक वर्ग अपनी क्षमता के अनुसार कोई न कोई सेवा कार्य कर सकता है। स्वच्छता अभियान, पर्यावरण संरक्षण, जरूरतमंदों की सहायता और जनसेवा से जुड़े कार्यों में सहभागिता कर अभियान को व्यापक बनाया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि जब सेवा की भावना जनभागीदारी से जुड़ती है, तो उसका प्रभाव समाज में व्यापक रूप से दिखाई देता है।
विकसित छत्तीसगढ़ की दिशा में सामूहिक प्रयास
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में छत्तीसगढ़ अपनी मजबूत भागीदारी के लिए प्रतिबद्ध है। इसके लिए गांवों का विकास, शहरों की प्रगति और प्रत्येक परिवार को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना जरूरी है।
उन्होंने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि सभी मिलकर ‘सेवा संकल्प अभियान’ को जनभागीदारी का उत्सव बनाएं और सेवा एवं जनकल्याण के कार्यों में शामिल होकर विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में अपना योगदान दें।
