छुरिया। स्मार्ट मीटर और बढ़ते बिजली बिल के मुद्दे पर कांग्रेस ने सरकार के खिलाफ आंदोलन का ऐलान किया है। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी छुरिया द्वारा मंगलवार, 13 अक्टूबर को छुरिया और कुमरदा में विरोध प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा। जिला कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता चुम्मन साहू ने कांग्रेसजनों एवं आम नागरिकों से आंदोलन में अधिकाधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है।
जिला कांग्रेस प्रवक्ता चुम्मन साहू ने कहा कि स्मार्ट मीटर और बढ़ते बिजली बिल को लेकर उपभोक्ताओं के मन में उठ रहे सवालों का जवाब देना सरकार और संबंधित विभाग की जिम्मेदारी है। बिजली हर परिवार की बुनियादी जरूरत है। यदि बिजली बिल को लेकर आम जनता परेशान है, तो उसकी समस्याओं को सुनना और उनका समाधान करना सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए। जनता को राहत देने के बजाय यदि उसकी चिंताओं को नजरअंदाज किया जाएगा, तो कांग्रेस सड़क पर उतरकर आवाज उठाएगी।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस का यह आंदोलन आम उपभोक्ताओं के हितों से जुड़ा है। स्मार्ट मीटर और बिजली बिल के मुद्दे पर जनता की चिंताओं को सामने लाने तथा संबंधित विभाग का ध्यान आकर्षित करने के लिए विरोध मार्च निकाला जा रहा है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता की आवाज उठाना विपक्ष की जिम्मेदारी है और कांग्रेस इस जिम्मेदारी का निर्वहन करती रहेगी।
दो स्थानों पर होंगे विरोध प्रदर्शन
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, सुबह 11 बजे छुरिया के विश्राम गृह से विद्युत कार्यालय तक विरोध मार्च निकाला जाएगा। इसके बाद दोपहर 2:30 बजे कुमरदा में भी विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। कार्यक्रम के अंतर्गत नया बस स्टैंड छुरिया में राष्ट्रगान का सामूहिक गायन, भारतीय संविधान के अनुच्छेद 326 का सार्वजनिक वाचन तथा मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन प्रस्तावित है। कांग्रेस ने विरोध दिवस को ‘ब्लैक डे’ के रूप में मनाने का निर्णय लिया है और कार्यकर्ताओं से काले वस्त्र पहनकर शामिल होने की अपील की है।
जिला कांग्रेस प्रवक्ता चुम्मन साहू ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों, युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस, एनएसयूआई, सेवादल सहित सभी मोर्चा-संगठनों और कांग्रेस समर्थित जनप्रतिनिधियों से आंदोलन में भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया। उन्होंने आम नागरिकों से भी अपील की कि वे बिजली बिल और स्मार्ट मीटर से जुड़ी अपनी समस्याओं को लेकर लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज बुलंद करें।
