सक्ती में आज 121.70 करोड़ से अधिक के 38 विकास कार्यों का लोकार्पण-भूमिपूजन

Anp News Live Sakti जिला सक्ती के जेठा स्थित कॉलेज ग्राउंड में 11 सितंबर को विकास और जनकल्याण से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। केंद्रीय ग्रामीण विकास, कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान कार्यक्रम के मुख्य अतिथि होंगे, जबकि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। इस दौरान केंद्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू सहित प्रदेश के विभिन्न मंत्री, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहेंगे।

कार्यक्रम के दौरान जिले में 121.70 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाले कुल 38 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया जाएगा। इनमें 4,245.65 लाख रुपये की लागत के 15 कार्यों का लोकार्पण तथा 7,925.02 लाख रुपये की लागत के 23 विकास कार्यों का भूमिपूजन शामिल है।

कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों की योजनाओं, उपलब्धियों और जनकल्याणकारी गतिविधियों पर आधारित प्रदर्शनी लगाई जाएगी। अतिथियों के आगमन और स्वागत के दौरान स्थानीय लोक नृत्य दल पारंपरिक लोक नृत्य की प्रस्तुति देगा। इसके बाद अतिथियों द्वारा विभागीय स्टॉलों का अवलोकन किया जाएगा। मंच पर दीप प्रज्वलन और अन्य निर्धारित कार्यक्रमों के बाद विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया जाएगा।

प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत गृह प्रवेश कार्यक्रम

कार्यक्रम में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के अंतर्गत 2 लाख नवनिर्मित आवासों के गृह प्रवेश कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही इस कार्यक्रम से संबंधित वीडियो प्रदर्शन भी होगा। प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के पांच हितग्राहियों को प्रतीकात्मक रूप से गृह प्रवेश की खुशियों की चाबी प्रदान की जाएगी।

वहीं, मुख्यमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के अंतर्गत एआई आधारित जियो-टैग सत्यापन की शुरुआत भी की जाएगी। ग्रामीण विकास से जुड़ी अन्य योजनाओं के तहत भी कई महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित होंगे।

लखपति दीदी और उत्कृष्ट पंचायतों का होगा सम्मान

कार्यक्रम में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत 270 नवीन इंटीग्रेटेड फार्मिंग क्लस्टरों का विमोचन किया जाएगा। इसके अलावा ‘अथ उद्यम—आजीविका से उद्यमिता की ओर’ इन्क्यूबेशन कार्यक्रम के तहत चैलेंज फंड इवेंट का शुभारंभ होगा।

राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन में उत्कृष्ट कार्य करने वाली लखपति दीदी और डीलर दीदी को सम्मानित किया जाएगा। पंचायत एवं ग्रामीण विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाली राज्य की 5 पंचायतों के प्रतिनिधियों का भी सम्मान होगा।

इसके साथ ही वीबी-जी रामजी के अंतर्गत ‘धार अपार’ और ‘सुघ्घर बाड़ी’ अभियान से संबंधित कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।

ये प्रमुख जनप्रतिनिधि रहेंगे मौजूद

कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू, उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा और श्री अरुण साव, मंत्री श्री रामविचार नेताम तथा सक्ती जिले के प्रभारी मंत्री श्री गुरू खुशवंत साहेब विशिष्ट रूप से उपस्थित रहेंगे।

इसके अलावा छत्तीसगढ़ विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष एवं सक्ती विधायक श्री चरणदास महंत, जांजगीर-चांपा लोकसभा क्षेत्र की सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े, चंद्रपुर विधायक श्री रामकुमार यादव, जैजैपुर विधायक श्री बालेश्वर साहू, जिला पंचायत सक्ती की अध्यक्ष श्रीमती द्रौपती किर्तन चन्द्रा, जनपद पंचायत सक्ती की अध्यक्ष श्रीमती नीतू ऋषि राय और जेठा ग्राम पंचायत की सरपंच श्रीमती सुशीला चन्द्रा सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहेंगे।

कार्यक्रम में विभागीय अधिकारी-कर्मचारी, विभिन्न योजनाओं के हितग्राही, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में आम नागरिकों के शामिल होने की संभावना है।

 

Related Post