कोण्डागांव, 30 सितम्बर 2025 — जिला आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम चिपावण्ड में अवैध शराब के भंडारण का भंडाफोड़ किया है। टीम ने मौके से 5.500 बल्क लीटर उड़ीसा निर्मित विदेशी मदिरा जब्त की है, जिसकी बाजार कीमत लगभग 1,540 रुपये आंकी गई है। इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।
यह कार्रवाई जिला कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना के निर्देशन एवं संभागीय उड़नदस्ता बस्तर संभाग के उपायुक्त रत्नेश मरावी के मार्गदर्शन में की गई। जिला आबकारी अधिकारी डिगेश कुमार देवांगन ने बताया कि 28 सितम्बर को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर कार्रवाई की गई।
पकड़े गए आरोपी की पहचान इन्द्रोजीत मंडल, पिता- देबोलाल मंडल, निवासी- चिपावण्ड, थाना- कोण्डागांव के रूप में हुई है। आरोपी के विरुद्ध छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(2) एवं 36 के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर विवेचना की जा रही है।
कार्रवाई के दौरान आबकारी उपनिरीक्षक मोरजध्वज साहू, सुरेश कुमार, वाहन चालक गजेन्द्र कुमार एवं रविन्द्र पांडे मौजूद रहे।
आबकारी विभाग, कोण्डागांव ने आम जनता से अपील की है कि वे अवैध शराब संबंधी किसी भी सूचना के लिए विभाग के हेल्पलाइन नंबर 077862-42481 पर 24 घंटे संपर्क कर सकते हैं।
