ट्रैक्टर पलटने से चालक की मौत

ANP  News कैंपियरगंज, में सोमवार सुबह करीब दस बजे एक ट्रैक्टर हादसे में चालक की मौके पर ही मौत हो गई। यह घटना अलगटपुर बंधे के ढलान पर हुई, जब ट्रैक्टर रीपर भूसा मशीन और ट्रॉली के साथ नीचे उतर रहा था। अनियंत्रित होकर पलटने से चालक ट्रैक्टर और रीपर मशीन के बीच फंस गया। हादसे के बाद आसपास खेतों में काम कर रहे लोगों ने पुलिस के पहुंचने से पहले ही रीपर मशीन में फंसे चालक के शव को बाहर निकाला और तत्काल पुलिस व मृतक के परिजनों को सूचना दी।

कुछ ही देर में परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जमा हो गए मृतक की पहचान पीपीगंज थाना क्षेत्र के नगर पंचायत फ़िराक़ नगर टोला रमवापुर निवासी 48 वर्षीय श्रीपति साहनी पुत्र रामजतन साहनी के रूप में हुई है। श्रीपति, जंगल बिहुली के टोला बेलौहा निवासी अखिलेश यादव का ट्रैक्टर चला रहे थे। सोमवार सुबह वह कैंपियरगंज के अलगटपुर भूसा काटने गए थे।

श्रीपति बंधे से ट्रैक्टर, रीपर मशीन और ट्रॉली लेकर नीचे उतर रहे थे। इसी दौरान ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में श्रीपति ट्रैक्टर से गिरकर रीपर मशीन की चपेट में आ गए और गंभीर रूप से घायल होने के कारण उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। मृतक श्रीपति के तीन बेटे सूरज, चंदन, निरंजन और एक शादीशुदा बेटी हैं। उनके दो बेटे बाहर रहकर मजदूरी करते हैं, जबकि एक बेटा और पत्नी के साथ ट्रैक्टर चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते थे। हादसे के बाद पूरे परिवार में शोक का माहौल है। पिता की मौत की सूचना पर दोनों बेटे भी घर के लिए रवाना हो चुके हैं।

Related Post