किशोरावस्था एवं नशामुक्ति पर आयोजित की जागरूकता कार्यशाला

*वेल विशर फाउंडेशन ने किशोरावस्था एवं नशा मुक्ति पर आयोजित की जागरूकता कार्यशाला*

 

**बच्चों को नशे से दूर रहने, गलत संगति से बचने और लक्ष्य के प्रति सजग रहने का दिया संदेश**

 

**अकलतरा।** वेल विशर फाउंडेशन द्वारा ग्राम अर्जुनी स्थित हायर सेकेंडरी स्कूल में ‘भटकती किशोरावस्था एवं नशा मुक्ति’ विषय पर जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में विद्यार्थियों को किशोरावस्था में होने वाले शारीरिक, मानसिक एवं व्यवहारिक बदलावों के प्रति जागरूक करते हुए नशे के दुष्परिणामों की जानकारी दी गई।

 

कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित भूतपूर्व सैनिक रोहित सारथी ने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने तथा अपने मन पर नियंत्रण रखने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि जीवन में आने वाली चुनौतियों का सामना दृढ़ इच्छाशक्ति से करना चाहिए और हमेशा नशे को ना कहना चाहिए।

 

संस्था के सदस्य दीपक साहू ने बच्चों को योग एवं ध्यान से जुड़ने की प्रेरणा देते हुए कहा कि इससे तन और मन दोनों स्वस्थ रहते हैं। उन्होंने मोबाइल का उपयोग केवल आवश्यक कार्यों एवं पढ़ाई के लिए करने तथा किशोरावस्था में विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी। साथ ही कहा कि किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर अपने परिवार और शिक्षकों से खुलकर बात साझा करनी चाहिए।

 

संस्था के सचिव चिराग शर्मा ने कार्यक्रम का संचालन करते हुए किशोरावस्था में होने वाले बदलावों, सही-गलत निर्णय लेने की समझ तथा नशे के दुष्परिणामों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को गलत संगति से बचने, सकारात्मक सोच अपनाने और अपने जीवन के लक्ष्य के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया।

 

वेल विशर फाउंडेशन का उद्देश्य युवाओं को जागरूक कर उन्हें सकारात्मक दिशा प्रदान करना तथा नशामुक्त, स्वस्थ एवं संस्कारवान समाज के निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करना है।

 

कार्यक्रम में विद्यालय की प्राचार्या आरती तीक्का, व्याख्याता संत कुमार मार्बल, संकुल समन्वयक विश्वनाथ अघरिया सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Related Post