सड़क पर जिंदगी की जंग हार गया तेंदुए का मासूम शावक, अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत; वन विभाग ने कराया अंतिम संस्कार

केशकाल/कोण्डागांव, 19 नवंबर 2026। जिले के केशकाल वन परिक्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में तेंदुए के महज 2 से 3 माह के शावक की जान चली गई। ग्राम खालेमुरवेंड के पास बुधवार रात अज्ञात वाहन ने शावक को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में गंभीर रूप से घायल शावक की मौके पर ही मौत हो गई। सड़क पर उसका शव मिलने के बाद ग्रामीणों ने तत्काल वन विभाग को घटना की सूचना दी।

 

सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मृत शावक को केशकाल लाया गया। यहां पशु चिकित्सा विभाग की टीम ने नियमानुसार पोस्टमार्टम किया। आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद वन विभाग के कर्मचारियों ने केशकाल स्थित पंचवटी में विधि-विधान से शावक का अंतिम संस्कार किया।

Uploaded Image

इस घटना ने एक बार फिर जंगल और वन्यजीवों के बीच से गुजरने वाली सड़कों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। महज कुछ माह की उम्र में एक वन्यजीव की सड़क हादसे में मौत होना वन्यजीव संरक्षण के प्रयासों के सामने भी चुनौती है। जंगलों से गुजरने वाले मार्गों पर वाहनों की रफ्तार नियंत्रित करने और वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए प्रभावी इंतजाम किए जाने की जरूरत है।

Related Post