जिला स्तरीय बस्तर ओलम्पिक का भव्य समापन, विभिन्न खेलों में दमखम दिखाने वाले खिलाड़ी हुए सम्मानित

कोण्डागांव, 19 नवंबर 2026। जिला स्तरीय बस्तर ओलम्पिक का बुधवार को उत्साह और खेल भावना के साथ समापन हुआ। समापन समारोह में बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं विधायक लता उसेंडी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उन्होंने विभिन्न खेल स्पर्धाओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया। साथ ही संभाग स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन की शुभकामनाएं दीं।

Uploaded Image

जिला स्तरीय प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न विकासखंडों से पहुंचे खिलाड़ियों ने एथलेटिक्स, कुश्ती, कबड्डी, खो-खो, कराते, वॉलीबॉल, फुटबॉल, तीरंदाजी और वेटलिफ्टिंग सहित विभिन्न खेलों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों के बीच कड़े मुकाबले देखने को मिले।

Uploaded Image

कराते में 57 किलोग्राम वर्ग में सुलोचना नेताम प्रथम और त्रिदर्शी मड़में द्वितीय रहीं। 55 किलोग्राम वर्ग में पूजा कोर्राम ने पहला, ज्योति नेताम ने दूसरा और हस्तिना पोयाम ने तीसरा स्थान हासिल किया। 61 किलोग्राम वर्ग में अमरीका यादव प्रथम और राजेश्वरी मरकाम द्वितीय रहीं। वहीं वेटलिफ्टिंग के 49 किलोग्राम वर्ग में देवकी मरकाम ने पहला, प्रीति नेताम ने दूसरा और अमीका नेताम ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। कराते के 53 किलोग्राम वर्ग में निरजला नेताम प्रथम, लक्ष्मी यादव द्वितीय और ममिता कोर्राम तृतीय रहीं।

Uploaded Image

एथलेटिक्स की 14 वर्ष से अधिक आयु वर्ग की 100 मीटर दौड़ में नवीन कुमार (केशकाल), 200 मीटर में बुद्धेश्वर नेताम (कोण्डागांव) और 400 मीटर दौड़ में समीर पोयाम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। लंबी कूद में नवीन प्रथम, दुर्गेश द्वितीय और ज्योतिस तृतीय रहे। वहीं 17 वर्ष से अधिक आयु वर्ग की 100 मीटर दौड़ में गौरव बंजारे, 200 मीटर में जगदीश नेताम, 400 मीटर में अक्षय मरकाम और लंबी कूद में गौरव बंजारे ने बाजी मारी।

 

समापन समारोह को संबोधित करते हुए विधायक लता उसेंडी ने कहा कि बस्तर ओलम्पिक ग्रामीण एवं जनजातीय अंचलों में छिपी खेल प्रतिभाओं को पहचानने और उन्हें आगे बढ़ने का अवसर देने का महत्वपूर्ण मंच है। खेलों से अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता का विकास होता है। उन्होंने खिलाड़ियों को निरंतर अभ्यास करने और खेल भावना के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

 

कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष नरपति पटेल, उपाध्यक्ष जसकेतु उसेंडी, मनोज जैन, तीरंदाजी संघ के उपाध्यक्ष दीपेश अरोरा, जितेन्द्र सुराना, कुलवंत चहल, जिला पंचायत सीईओ अविनाश भोई, वरिष्ठ खेल अधिकारी सुधा कुमार सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Related Post