जांजगीर – जिले के अकलतरा थाना क्षेत्र में शराब पीने के दौरान हुआ विवाद एक युवक की मौत का कारण बन गया। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतक आकाश कुर्रे (निवासी झलमला) अपने साथी करण सोनी (निवासी झलमला) और शिव बघेल (निवासी बाना) के साथ तारौद भट्ठी से शराब खरीदकर लौट रहा था।
रास्ते में तीनों ने कुछ दूरी पर बैठकर शराब पीना शुरू किया। नशे में आपसी कहासुनी और गाली-गलौज इतनी बढ़ गई कि मामला मारपीट में बदल गया। इसी दौरान आरोपी शिव बघेल और करण सोनी ने मिलकर आकाश को पकड़ लिया, और करण सोनी ने अपने पास मौजूद चाकू से आकाश के पेट में वार कर दिया।
गंभीर रूप से घायल आकाश को तुरंत इलाज के लिए बिलासपुर रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की खबर मिलते ही अकलतरा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर अभिरक्षा में ले लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ जारी है और वारदात में प्रयुक्त चाकू बरामद किया जाएगा।
स्थानीय लोगों के अनुसार मृतक और आरोपी पहले से एक-दूसरे को जानते थे और इनके बीच पहले भी मामूली विवाद होते रहे हैं, लेकिन इस बार नशे में हुआ झगड़ा जानलेवा साबित हुआ। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई और गांव में शोक का माहौल है।
