कांग्रेस सरकार ने गरीब के बच्चे को बेहतर शिक्षा दी, भाजपा सरकार ने फीस का बोझ डाल दिया : चुम्मन साहू

 

राजनांदगांव। जिला कांग्रेस कमेटी राजनांदगांव के प्रवक्ता चुम्मन साहू ने सरकारी स्कूलों में शुल्क वसूली के मुद्दे पर भाजपा सरकार को घेरते हुए कहा कि जब छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार थी, तब पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में स्वामी आत्मानंद स्कूलों के माध्यम से गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के बच्चों को बेहतर शिक्षा और सुविधाएं उपलब्ध कराने का काम किया गया। उस समय बच्चों की पढ़ाई पर इस तरह शुल्क का बोझ नहीं डाला जा रहा था।

चुम्मन साहू ने कहा, “कांग्रेस सरकार ने सरकारी स्कूलों की तस्वीर बदलने का काम किया था। गरीब का बच्चा भी अच्छे स्कूल में पढ़े, बेहतर सुविधाएं पाए और उसके माता-पिता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ न पड़े—यही कांग्रेस सरकार की सोच थी। लेकिन भाजपा सरकार के आते ही सरकारी स्कूलों में शुल्क का बोझ बढ़ने लगा।”

भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए चुम्मन साहू ने कहा, “कांग्रेस सरकार ने शिक्षा को मजबूत किया, भाजपा सरकार शिक्षा के नाम पर जनता की जेब पर बोझ डाल रही है। भाजपा बताए—यह कैसा सुशासन है, जहां गरीब के बच्चे की पढ़ाई भी अब शुल्क के बोझ से जुड़ती जा रही है?”

उन्होंने कहा कि एक तरफ महंगाई ने आम परिवार की कमर तोड़ रखी है और दूसरी तरफ बच्चों की शिक्षा पर अतिरिक्त शुल्क का बोझ डाला जा रहा है। किसान, मजदूर और मध्यमवर्गीय परिवार अपने बच्चों को अच्छी शिक्षा दिलाने के लिए पहले ही संघर्ष कर रहे हैं। सरकार को उनकी परेशानी बढ़ाने के बजाय राहत देनी चाहिए।

चुम्मन साहू ने भाजपा सरकार पर कटाक्ष करते हुए कहा, “कांग्रेस सरकार ने सरकारी स्कूलों में सुविधाएं बढ़ाईं, भाजपा सरकार ने शुल्क बढ़ाने का रास्ता खोल दिया। जनता अब खुद तय करे कि किस सरकार ने शिक्षा के साथ न्याय किया और किस सरकार ने शिक्षा को आर्थिक बोझ बनाया।”

उन्होंने मांग की कि सरकारी स्कूलों में लिए जा रहे शुल्क की पूरी जानकारी सार्वजनिक की जाए और अभिभावकों पर पड़ रहे अनावश्यक आर्थिक बोझ को तत्काल समाप्त किया जाए।

Related Post