कोंडागांव में राज्य स्थापना दिवस पर छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा की अनदेखी, जिला प्रशासन की गंभीर लापरवाही उजागर

कोंडागांव, 4 नवंबर 2025। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर जहां पूरे प्रदेश में उत्सव की धूम रही, वहीं कोंडागांव जिला मुख्यालय से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। जिला कार्यालय परिसर में स्थापित छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा की अनदेखी को लेकर लोगों में नाराजगी है।

Uploaded Image

मंगलवार शाम 4 बजे तक जिला प्रशासन की ओर से प्रतिमा स्थल पर न तो दीप प्रज्वलित किया गया, न फूल-माला अर्पित की गई और न ही किसी प्रकार की सजावट की गई। प्रतिमा पर धूल और दाग जमे हुए पाए गए, जिससे स्थानीय नागरिकों में प्रशासन के प्रति रोष व्याप्त है।

Uploaded Image

लोगों का कहना है कि राज्य स्थापना दिवस जैसे गौरवशाली अवसर पर छत्तीसगढ़ की अस्मिता प्रतीक महतारी के प्रति सम्मान प्रदर्शित करना प्रशासन की जिम्मेदारी थी। लेकिन अधिकारियों ने इसे पूरी तरह नजरअंदाज कर दिया।

 

स्थानीय नागरिकों ने कहा,

 

> “राज्योत्सव के मंचों पर लाखों रुपये की सजावट और रोशनी की व्यवस्था की गई, लेकिन महतारी की मूर्ति के पास अंधियारा छाया रहा। यह केवल लापरवाही नहीं बल्कि छत्तीसगढ़ की अस्मिता के प्रति अपमान है।”

 

Uploaded Image

 

गौरतलब है कि इस मूर्ति की स्थापना 26 सितंबर 2023 को जिला कार्यालय परिसर में की गई थी, जिस पर करीब 19 लाख रुपये की लागत आई थी। इसके बावजूद एक वर्ष के भीतर ही इसकी उपेक्षा साफ दिखाई दे रही है।

 

प्रदेश के अन्य जिलों से भी ऐसे मामले सामने आए हैं — रायपुर में छत्तीसगढ़ महतारी की मूर्ति खंडित की गई थी, वहीं नारायणपुर में भी अनदेखी का मामला चर्चा में रहा। अब कोंडागांव भी इस सूची में शामिल हो गया है।

Uploaded Image

वहीं दूसरी ओर, राज्यभर में मुख्यमंत्री एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों ने छत्तीसगढ़ महतारी को श्रद्धासुमन अर्पित कर सम्मानित किया। राजधानी रायपुर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने महतारी की प्रतिमा को दूध से नहलाकर आदर जताया।

 

कोंडागांव में प्रशासन की इस चूक ने पूरे नगर में चर्चा का विषय बना दिया है। लोगों ने मांग की है कि जिला प्रशासन तुरंत प्रतिमा की सफाई और उचित सम्मान की व्यवस्था करे, ताकि भविष्य में राज्य की गौरव प्रतीक छत्तीसगढ़ महतारी की ऐसी उपेक्षा न हो।

Related Post