Anp News live Bilaspur बिलासपुर पुलिस द्वारा शहर की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से होटल, लॉज और फार्महाउस संचालकों की विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक में करीब 110 होटल एवं व्यवसायिक प्रतिष्ठानों के संचालकों को “समाधान ऐप” के उपयोग और उसकी आवश्यकता के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
यह बैठक डीआईजी एवं एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देशन में आयोजित हुई, जिसमें एडिशनल एसपी शहर पंकज पटेल, सीएसपी सिविल लाइन निमितेश परिहार तथा एसडीओपी कोटा नूपुर उपाध्याय ने संचालकों को ऐप की पूरी प्रक्रिया समझाई।
अधिकारियों ने बताया कि समाधान ऐप के जरिए होटल में ठहरने वाले प्रत्येक अतिथि की जानकारी सीधे और त्वरित रूप से पुलिस विभाग तक पहुंचाई जा सकेगी। इससे संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी रखने और अपराध नियंत्रण में मदद मिलेगी। होटल संचालकों को ऐप डाउनलोड करने, पंजीयन करने और अतिथियों की जानकारी अपलोड करने की प्रक्रिया भी विस्तार से समझाई गई।
बैठक में यह भी निर्देश दिए गए कि होटल या लॉज में ठहरने वाले हर व्यक्ति का वैध पहचान पत्र अनिवार्य रूप से सत्यापित किया जाए और उसकी जानकारी समय पर समाधान ऐप में दर्ज की जाए। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सभी होटल, लॉज, फार्महाउस एवं अन्य व्यवसायिक प्रतिष्ठानों के संचालकों के लिए समाधान ऐप डाउनलोड कर उसका नियमित उपयोग करना अनिवार्य होगा।
बिलासपुर पुलिस ने इसे कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने, अपराधों पर नियंत्रण और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया है। साथ ही होटल संचालकों से पुलिस प्रशासन का सहयोग करने और सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की गई।
