Anp news live Korba युवा कांग्रेस संगठन चुनाव को लेकर क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। 29 मई से नामांकन प्रक्रिया शुरू होने जा रही है, जिसके पहले ही राजनीतिक माहौल पूरी तरह गर्मा चुका है। इस बीच युवा कांग्रेस विधानसभा अध्यक्ष शिवम राय की बढ़ती सक्रियता ने राजनीतिक गलियारों में नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है।
क्षेत्र में लगातार बैठकों, समर्थकों से संपर्क और संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय मौजूदगी को लेकर माना जा रहा है कि शिवम राय एक बार फिर चुनावी मैदान में उतर सकते हैं। उनके समर्थकों का कहना है कि संगठन पर मजबूत पकड़, चुनावी अनुभव और युवाओं के बीच लोकप्रियता उन्हें एक मजबूत दावेदार बनाती है।
राजनीतिक जानकारों के अनुसार शिवम राय लंबे समय से युवा कांग्रेस संगठन में सक्रिय भूमिका निभाते आ रहे हैं। उन्होंने करतला ब्लॉक युवा कांग्रेस के उपाध्यक्ष से अपनी राजनीतिक जिम्मेदारी की शुरुआत की। इसके बाद वे युवा कांग्रेस विधानसभा में सोशल मीडिया समन्वयक रहे और पिछले चार वर्षों से विधानसभा अध्यक्ष के रूप में संगठन को मजबूती प्रदान कर रहे हैं।
उनके कार्यकाल के दौरान गांव-गांव तक संगठन को मजबूत करने, बूथ स्तर पर टीम तैयार करने और युवाओं को कांग्रेस से जोड़ने के लिए लगातार काम किया गया। यही वजह है कि आज भी युवा कार्यकर्ताओं के बीच उनकी अच्छी पकड़ मानी जाती है।
राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा भी तेज है कि शिवम राय को विधायक फूल सिंह राठिया का करीबी माना जाता है। लंबे समय से दोनों नेताओं की राजनीतिक और सामाजिक कार्यक्रमों में एकजुटता देखने को मिलती रही है। माना जा रहा है कि वरिष्ठ नेताओं का समर्थन और संगठन में मजबूत नेटवर्क चुनाव में उनके लिए अहम साबित हो सकता है।
नामांकन प्रक्रिया शुरू होने से पहले जिस तरह शिवम राय लगातार सक्रिय नजर आ रहे हैं, उससे राजनीतिक समीकरण तेजी से बदलते दिखाई दे रहे हैं। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यदि वे चुनावी मैदान में उतरते हैं तो मुकाबला काफी दिलचस्प और कांटे का हो सकता है।
