छुरिया। भारतीय जनता पार्टी जिला संगठन के निर्देशानुसार भाजपा मंडल छुरिया अंतर्गत शक्ति केंद्र महराजपुर की महत्वपूर्ण बैठक ग्राम बापूटोला में संपन्न हुई। बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने एवं ग्रामीण समस्याओं के समाधान को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में शक्ति केंद्र प्रभारी एवं भाजपा मंडल महामंत्री अशोक मरकाम ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संगठन की मजबूती पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा की ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं और शक्ति केंद्रों को मजबूत बनाकर ही पार्टी की नीतियों एवं योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जा सकता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव जाकर आमजन से संवाद स्थापित करने और पार्टी संगठन को और अधिक सक्रिय बनाने का आह्वान किया।
वहीं सहप्रभारी श्यामसुंदर साहू ने भी कार्यकर्ताओं से संवाद करते हुए संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने तथा आम जनता की समस्याओं को गंभीरता से सुनने की बात कही। बैठक के दौरान कार्यकर्ताओं एवं ग्रामीणों की विभिन्न समस्याओं को सुना गया तथा उनके त्वरित समाधान को लेकर आवश्यक पहल करने का भरोसा दिलाया गया।
बैठक में कार्यकर्ताओं ने भी संगठन को और मजबूत बनाने के लिए अपने सुझाव साझा किए। इस दौरान भाजपा के वरिष्ठ एवं सक्रिय कार्यकर्ताओं की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।
बैठक में मुख्य रूप से अशोक मरकाम, श्यामसुंदर साहू, कली राम धनकर, रमेश पाल, बिहारी सिन्हा, संतु पाल, गणपत पाल, दीना पाल, ओमप्रकाश कंवर, रोहित धनकर, धीरपाल धनकर सहित बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता, युवा कार्यकर्ता एवं भाजपा पदाधिकारी उपस्थित रहे।
