कोण्डागांव, 26 मई 2026 | इंडियन आर्मी में अग्निवीर भर्ती के तहत शासकीय गुण्डाधुर स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कोंडागांव के पीएमटी बालक छात्रावास में अध्ययनरत 7 छात्रों का चयन हुआ है। इन सभी छात्रों के चयन से महाविद्यालय, छात्रावास और पूरे जिले में खुशी और गर्व का माहौल है। विशेष बात यह है कि चयनित सभी छात्र आदिवासी युवा छात्र संगठन कोंडागांव के सक्रिय सदस्य भी हैं।
इस उपलब्धि पर महाविद्यालय के शिक्षकों ने छात्रों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर जनपद पंचायत कोंडागांव के सीईओ उत्तम कुमार मोहब्बिया, छात्रावास अधीक्षक एम.आर. कोमरा एवं पूर्व अधीक्षक बृजलाल नाग ने भी चयनित छात्रों को शुभकामनाएं दीं।
वहीं, आदिवासी युवा छात्र संगठन कोंडागांव के अध्यक्ष मुकेश पोयाम, छात्रावास अध्यक्ष रयतु कश्यप, उपाध्यक्ष अनुराज कोर्राम और सचिव ओजस्वी नेताम ने कहा कि यह उपलब्धि न केवल छात्रों के लिए बल्कि पूरे जिले के लिए गौरव का विषय है। सभी ने चयनित छात्रों के सफल, स्वस्थ और उज्ज्वल भविष्य तथा देश सेवा के लिए शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
