Anp News Live Korba भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय पंडित दीनदयाल कुंज, टीपी नगर कोरबा में भाजपा जिला कार्यसमिति की मासिक बैठक उत्साह और संगठनात्मक ऊर्जा के साथ संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी ने की। बैठक में संगठन विस्तार, आगामी जनसंपर्क अभियान, केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं के प्रचार-प्रसार तथा जून माह में आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों को लेकर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।
बैठक के दौरान जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी ने केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों को “बेमिसाल विकास यात्रा” बताते हुए कार्यकर्ताओं से इन उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री Narendra Modi के नेतृत्व में देश ने विकास, आत्मनिर्भरता, बुनियादी सुविधाओं, गरीब कल्याण, महिला सशक्तिकरण, डिजिटल इंडिया, किसान कल्याण और वैश्विक स्तर पर भारत की मजबूत पहचान जैसे कई क्षेत्रों में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता पार्टी की सबसे बड़ी ताकत हैं और बूथ स्तर तक सक्रियता ही संगठन को मजबूत बनाती है। इसी उद्देश्य से प्रत्येक कार्यकर्ता को घर-घर जाकर केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी आम जनता तक पहुंचाने की जिम्मेदारी दी गई है। जिलाध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि भाजपा केवल चुनावी राजनीति तक सीमित नहीं है, बल्कि सेवा, संगठन और राष्ट्रहित की भावना के साथ समाज के हर वर्ग के बीच लगातार कार्य कर रही है।
बैठक में केंद्र सरकार की 12 वर्षों की उपलब्धियों पर मुख्य वाचन जिला उपाध्यक्ष योगेश जैन द्वारा प्रस्तुत किया गया। उन्होंने केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत अभियान, किसान सम्मान निधि, डिजिटल इंडिया और आत्मनिर्भर भारत अभियान जैसी योजनाओं ने देश के करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाया है।
बैठक में आगामी जून माह के कार्यक्रमों की रणनीति पर भी विस्तृत चर्चा की गई। कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए गए कि वे बूथ स्तर तक सक्रियता बढ़ाएं और संगठन के कार्यक्रमों को सफल बनाने में पूरी भागीदारी निभाएं। 31 मई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय कार्यक्रम ‘मन की बात’ को अधिकतम लोगों तक पहुंचाने और बूथ स्तर पर सामूहिक रूप से सुनने के लिए विशेष अभियान चलाने का निर्णय लिया गया।
इसके अलावा जून माह में वृक्षारोपण अभियान, स्वच्छता अभियान, विकसित भारत संकल्प अभियान, प्राकृतिक खेती कार्यशाला तथा योग कार्यक्रम आयोजित करने की रूपरेखा तैयार की गई। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित कर योग, सेवा और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर जोर दिया गया।
बैठक में 23 जून को श्यामा प्रसाद मुखर्जी बलिदान दिवस को जिला, मंडल, शक्ति केंद्र और बूथ स्तर पर मनाने का भी निर्णय लिया गया। इस अवसर पर भाजपा कार्यकर्ता जनता के बीच जाकर पार्टी की विचारधारा और सरकार की उपलब्धियों का व्यापक प्रचार-प्रसार करेंगे।
बैठक में मंचासीन अतिथियों में महापौर संजूदेवी राजपूत, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह, प्रदेश मंत्री रितु चौरसिया, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अशोक चावलानी, जोगेश लांबा, मीना शर्मा, पूर्व विधायक रामदयाल उईके सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री संजय शर्मा एवं अजय विश्वकर्मा ने किया।
बैठक में जिले भर से आए पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, मोर्चा पदाधिकारी, प्रकोष्ठ संयोजक और बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर सरकार की जनहितकारी योजनाओं और विकास कार्यों को हर घर तक पहुंचाने का संकल्प लिया। भाजपा नेताओं ने विश्वास जताया कि संगठन की मजबूती और कार्यकर्ताओं की सक्रियता से पार्टी आगामी अभियानों में और अधिक प्रभावी भूमिका निभाएगी।
