रायगढ़ में भीषण अग्निकांड : 24 घंटे तक धधकता रहा कबाड़ गोदाम, हीरो शो रूम की 45 बाइक जलकर खाक, करोड़ों के नुकसान की आशंका

 रायगढ़ / शनिवार को एक भीषण अग्निकांड ने भारी तबाही मचा दी। रायगढ़–सारंगढ़ मार्ग पर स्थित छातामुड़ा के पास नगमा प्लास्टिक एवं ईदी ट्रेडर्स के कबाड़ गोदाम में शनिवार दोपहर लगी आग पर काबू पाने में प्रशासन और दमकल विभाग को लगभग 24 घंटे का समय लग गया। आग इतनी भयावह थी कि लगातार पानी डालने के बावजूद रविवार दोपहर तक गोदाम से धुआं और आग की लपटें निकलती रहीं।

 

जानकारी के अनुसार गोदाम में बड़ी मात्रा में प्लास्टिक और अन्य ज्वलनशील सामग्री भरी हुई थी, जिसके कारण आग तेजी से फैल गई और उसे नियंत्रित करना बेहद कठिन हो गया। आग बुझाने के लिए रायगढ़ नगर सेना के अलावा जिंदल, अदानी, एनटीपीसी, सारंगढ़ और कोरबा से भी दमकल वाहन बुलाए गए। कुल 11 फायर ब्रिगेड वाहनों की मदद से लगभग एक एकड़ क्षेत्र में फैली आग को बुझाने का प्रयास किया गया।Uploaded Image

 

रातभर चली मशक्कत के बाद भी जब आग पर पूरी तरह नियंत्रण नहीं पाया जा सका, तब जेसीबी मशीनों की मदद से गोदाम की दीवारें तोड़ी गईं ताकि फायर ब्रिगेड की पाइप अंदर तक पहुंच सके। इसके बाद रविवार दोपहर लगभग दो बजे आग पर काबू पाया जा सका।Uploaded Image

 

इस भीषण आग में कबाड़ गोदाम में रखा भारी मात्रा में भंगार पूरी तरह जलकर राख हो गया। गोदाम के भीतर बने कमरों के टीन शेड भी गिरकर क्षतिग्रस्त हो गए। वहीं गोदाम परिसर में खड़ी एक माजदा वाहन भी आग की चपेट में आ गई। बताया जा रहा है कि वाहन की बैटरी खराब होने के कारण उसे समय रहते बाहर नहीं निकाला जा सका और वह पूरी तरह जलकर खाक हो गई।

Uploaded Image

आग की लपटों ने पास स्थित आदित्य ऑटोमोबाइल्स हीरो शो रूम को भी अपनी चपेट में ले लिया। स्थिति को देखते हुए कर्मचारियों ने शो रूम में रखी नई मोटरसाइकिलों को तत्काल बाहर सड़क पर निकालकर सुरक्षित स्थान पर रख दिया। इसके बावजूद शो रूम के पीछे सर्विसिंग के लिए खड़ी लगभग 45 बाइकें जलकर नष्ट हो गईं। साथ ही स्टोर रूम में रखे कंप्रेसर, स्पेयर पार्ट्स और अन्य उपकरण भी आग में जल गए। आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि शो रूम की दीवारों में भी दरारें पड़ गईं।

 

शोरूम प्रबंधन के अनुसार उस समय परिसर में करीब 400 नई मोटरसाइकिलें मौजूद थीं। आग बुझाने और अफरा-तफरी के बीच बाहर निकाली गई बाइकों की बाद में जब गिनती की गई, तब दो से तीन नई बाइकें कम पाई गईं। इस पर आशंका जताई जा रही है कि किसी ने मौके का फायदा उठाकर बाइकों की चोरी कर ली। आदित्य ऑटोमोबाइल्स के मैनेजर ऑस्टिन जॉर्ज ने बताया कि इस संबंध में जूटमिल पुलिस को सूचना दे दी गई है और मामले की जांच की जा रही है।

 

हालांकि अभी तक वास्तविक नुकसान का आधिकारिक आकलन नहीं हो सका है, लेकिन प्रारंभिक अनुमान के अनुसार कबाड़ गोदाम और हीरो शो रूम को मिलाकर दो करोड़ रुपये से अधिक के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। प्रशासन द्वारा आग लगने के कारणों की भी जांच की जा रही है।

Related Post