गांव-गांव में पुलिस की नई रणनीति: 300 लोग बने ग्राम रक्षा समिति के सदस्य

Anp News Live, Korba “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत बालको पुलिस ने अपराध नियंत्रण और जनसहभागिता को मजबूत करने के उद्देश्य से अभिनव पहल करते हुए ग्राम रक्षा समितियों का गठन किया है। इस पहल के तहत बालको थाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों के करीब 300 महिला एवं पुरुषों को समिति का सदस्य बनाया गया है।

पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस के मार्गदर्शन में यह कार्यक्रम आयोजित किया गया। पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज के निर्देशानुसार थाना बालको नगर क्षेत्र के सक्रिय नागरिकों को जोड़कर ग्राम स्तर पर सुरक्षा तंत्र को मजबूत करने की दिशा में यह कदम उठाया गया है।

थाना बालको के मंगल भवन में आयोजित कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले, थाना प्रभारी युवराज तिवारी, क्षेत्र के पार्षदगण एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। इस दौरान समिति के सदस्यों को परिचय पत्र वितरित किए गए।

बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने समिति के सदस्यों को गांवों में होने वाले अपराध, अवैध गतिविधियों और असामाजिक तत्वों पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए। साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस तक पहुंचाने की अपील की गई।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ग्राम रक्षा समितियों के गठन से पुलिस और आम जनता के बीच समन्वय और अधिक मजबूत होगा। स्थानीय स्तर पर त्वरित सूचना मिलने से अपराधों की रोकथाम और त्वरित कार्रवाई में मदद मिलेगी, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था और बेहतर होगी।

बालको पुलिस ने स्पष्ट किया कि “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत आगे भी ऐसे जनजागरूकता और सहभागिता कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाएंगे, ताकि समाज में सुरक्षा और विश्वास का वातावरण मजबूत हो सके।

Related Post