Anp news रात में SECL सबस्टेशन में धावा, केबल लूटकांड का पुलिस ने किया खुलासा

Anp News Live Korba जिले के बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र अंतर्गत एसईसीएल बलगी सबस्टेशन में हुई केबल लूट और चोरी की गंभीर वारदात का पुलिस ने त्वरित खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार तथा एक अपचारी बालक को निरुद्ध किया है। घटना में प्रयुक्त मोटरसायकल भी पुलिस ने जप्त कर लिया है, जबकि फरार आरोपियों की तलाश लगातार जारी है।

सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले, नगर पुलिस अधीक्षक दर्री विमल पाठक तथा थाना प्रभारी चमन सिन्हा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।

पुलिस के अनुसार, प्रार्थी संजय कुमार लहरे ने थाना बांकीमोंगरा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 23 मई 2026 की देर रात करीब 1:30 बजे कुछ युवक जबरन एसईसीएल बलगी सबस्टेशन में घुस आए। आरोपियों ने गाली-गलौच, मारपीट और जान से मारने की धमकी देते हुए पाइप, एंगल और लगभग 100 मीटर केबल लूट लिया। चोरी गए सामान की कीमत लगभग 4 हजार रुपए बताई गई है।

मामले में थाना बांकीमोंगरा पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान गवाहों के बयान, तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर एक आरोपी और एक अपचारी बालक को पकड़ लिया। पूछताछ में दोनों ने घटना में शामिल होना स्वीकार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान अर्जुन सिंह के रूप में हुई है, जो बांकीमोंगरा क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है। वहीं विधिक प्रावधानों के तहत अपचारी बालक का नाम गोपनीय रखा गया है। आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त मोटरसायकल क्रमांक CG 12 BS 7092 भी जप्त कर लिया गया है।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि लूटा गया केबल फरार आरोपी दीपक केंवट उर्फ अंक के पास रखा गया है। पुलिस अब फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।

कोरबा पुलिस ने कहा है कि “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत जिले में अपराधियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

Related Post