Anp News भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) ने अपने बहुप्रशंसित ‘क्वालिटी संकल्प’ अभियान के सफल 12 महीने पूरे कर लिए हैं। वेदांता एल्यूमिनियम मेटल लिमिटेड की इस पहल का उद्देश्य सभी उत्पादों में “जीरो डिफेक्ट” गुणवत्ता सुनिश्चित करना और कर्मचारियों में गुणवत्ता-केंद्रित कार्य संस्कृति विकसित करना है।
पिछले एक वर्ष में बालको ने उत्पादन के हर चरण में गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कई महत्वपूर्ण सुधारात्मक कदम उठाए। अभियान के तहत व्यक्तिगत जिम्मेदारी, त्रुटि रोकथाम, मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) का पालन, मूल कारणों की पहचान, लीन मैनेजमेंट और डेटा आधारित निर्णय प्रणाली जैसे विषयों पर विशेष फोकस किया गया। इस पहल में 3000 से अधिक कर्मचारी और व्यावसायिक साझेदार सक्रिय रूप से शामिल हुए।
मासिक रूप से चलाए गए इस अभियान ने कर्मचारियों में गुणवत्ता के प्रति जिम्मेदारी की भावना को मजबूत किया और संगठन की उत्पादन प्रक्रियाओं को और अधिक प्रभावी बनाया। इसके परिणामस्वरूप बालको की पहचान एक उच्च गुणवत्ता वाले एल्यूमिनियम उत्पादक के रूप में और मजबूत हुई है।
बालको के मुख्य कार्यकारी अधिकारी राजेश कुमार सिंह ने कहा कि गुणवत्ता बालको की कार्य संस्कृति का मूल आधार है। उन्होंने बताया कि ‘क्वालिटी संकल्प’ केवल एक अभियान नहीं, बल्कि रोजमर्रा के कार्यों और निर्णयों में गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की सोच का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि ग्राहकों का विश्वास बनाए रखना और विश्वस्तरीय विनिर्माण की दिशा में आगे बढ़ना कंपनी की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
बालको लगातार प्रचालन दक्षता और उत्पादन उत्कृष्टता की दिशा में काम कर रहा है। इसी क्रम में कंपनी ने ‘क्वालिटी नॉलेज बाइट्स’, वर्ल्ड क्वालिटी वीक और स्टैंडर्ड कार्निवल जैसे कार्यक्रम आयोजित किए। साथ ही डिजिटल तकनीक को बढ़ावा देते हुए ‘क्वालिटी संकल्प ऐप’ भी शुरू किया गया, जिसके माध्यम से कर्मचारी उत्पादन स्थल पर गुणवत्ता मानकों की रियल-टाइम मॉनिटरिंग कर सकते हैं और सुधारात्मक कार्यों को रिकॉर्ड कर सकते हैं।
कंपनी ने अपनी प्रयोगशाला और उत्पादन प्रक्रियाओं में भी डिजिटलीकरण को बढ़ावा दिया है। कोल लैब के 100 प्रतिशत डिजिटलीकरण से डेटा रिकॉर्डिंग, रिपोर्टिंग और निगरानी की प्रक्रिया अधिक तेज और प्रभावी हुई है, जिससे कार्यकुशलता और पर्यावरणीय प्रदर्शन दोनों में सुधार आया है।
गुणवत्ता और उत्कृष्टता के प्रति बालको की प्रतिबद्धता को एएसआई, बीआईएस आईएसओ, आईएटीएफ और एनएबीएल जैसे राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रमाणपत्रों से भी मान्यता मिली है। यह उपलब्धियां कंपनी के उच्च गुणवत्ता मानकों और सतत विकास के प्रयासों को दर्शाती हैं।
