कोंडागांव में नवीन जिला एवं सत्र न्यायालय भवन का वर्चुअल भूमिपूजन एवं शिलान्यास

कोंडागांव, 14 मई 2026। रमेश सिन्हा, मुख्य न्यायाधीश छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय द्वारा गुरुवार को जिला कोंडागांव में नवीन जिला एवं सत्र न्यायालय भवन के निर्माण हेतु वर्चुअल माध्यम से भूमिपूजन एवं शिलान्यास किया गया। इस अवसर पर संजय कुमार जायसवाल की गरिमामयी उपस्थिति रही।

 

अपने संबोधन में मुख्य न्यायाधीश ने कहा कि जिला कोंडागांव में बनने वाला नवीन जिला एवं सत्र न्यायालय भवन न्यायिक अधोसंरचना को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। आधुनिक सुविधाओं से युक्त इस भवन के निर्माण से न्यायिक अधिकारियों, कर्मचारियों, अधिवक्ताओं एवं पक्षकारों के लिए बेहतर कार्य-वातावरण तैयार होगा, जिससे न्यायिक प्रक्रिया में तेजी आएगी और उच्च गुणवत्तायुक्त न्याय सुविधापूर्वक उपलब्ध हो सकेगा।

 

उन्होंने बताया कि पिछले तीन वर्षों में छत्तीसगढ़ में न्यायिक अधोसंरचना के क्षेत्र में उल्लेखनीय सुधार हुआ है और राज्य के सभी जिलों में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है।

 

नवीन जिला एवं सत्र न्यायालय भवन के भू-तल पर 5 न्यायालय कक्ष, स्टेनो कक्ष, महिला एवं पुरुष लॉकअप, गार्ड कक्ष, कार्यालय, सर्वर रूम, अधिवक्ता कक्ष, मीटिंग हॉल, रिकॉर्ड रूम, प्रतिलिपि अनुभाग सहित आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। वहीं प्रथम तल पर 5 अतिरिक्त न्यायालय कक्ष, कंप्यूटर रूम, लाइब्रेरी, वेटिंग हॉल और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं रहेंगी। परिसर में मेडिकल एड क्लिनिक और बैंक जैसी मूलभूत सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी।

 

मुख्य न्यायाधीश ने निर्माण एजेंसी को निर्देश दिए कि परियोजना को 24 माह की समयावधि में गुणवत्ता के साथ पूर्ण किया जाए, ताकि यह भवन न्यायिक अधोसंरचना का आदर्श उदाहरण बन सके।

 

कार्यक्रम की शुरुआत प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश, कोंडागांव के स्वागत भाषण से हुई तथा समापन मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। कार्यक्रम में उच्च न्यायालय के रजिस्ट्रार जनरल, न्यायिक अधिकारी, अधिवक्तागण, न्यायालयीन कर्मचारी एवं मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Related Post