कोण्डागांव, 08 सितम्बर 2025 | कोण्डागांव पुलिस ने गांजा तस्करों के विरुद्ध बड़ी कार्यवाही करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 14.300 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा, एक बलेनो कार और मोबाइल फोन सहित कुल 7.43 लाख रुपये की संपत्ति जप्त की गई है।
पुलिस अधीक्षक वाय. अक्षय कुमार (भा.पु.से.) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कौशलेन्द्र देव पटेल के मार्गदर्शन एवं एस.डी.ओ.पी. रूपेश कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने इस कार्यवाही को अंजाम दिया।
कार्यवाही का विवरण:
दिनांक 07.09.2025 को सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम दुधगांव के पास राष्ट्रीय राजमार्ग 30 पर एक सफेद रंग की बलेनो कार (क्रमांक CG 05 AT 3674) एक्सीडेंट की स्थिति में सड़क किनारे खड़ी है। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने पाया कि कार चालक घायल अवस्था में है, जिसे तत्काल अस्पताल भिजवाया गया।
कार की जांच करने पर डिक्की में सेलो टेप से लिपटे हुए दो पैकेट मिले, जिनमें कुल 14.300 किलो गांजा पाया गया, जिसकी अनुमानित कीमत ₹1,40,000 बताई जा रही है। साथ ही, गांजा तस्करी में प्रयुक्त बलेनो कार (मूल्य ₹6 लाख) और एक मोबाइल फोन (मूल्य ₹3,000) को भी जब्त किया गया। कुल जप्त सामग्री की अनुमानित कीमत ₹7,43,000 है।
गिरफ्तार आरोपी:

1. अनुराग सोनी, पिता राजकुमार सोनी, उम्र 28 वर्ष, निवासी रामबाग, धमतरी (छत्तीसगढ़)
2. लोकेश गोयल, पिता स्व. जसराज गोयल, उम्र 33 वर्ष, निवासी सदर दक्षिण मार्ग, थाना सिटी कोतवाली, धमतरी (छत्तीसगढ़)
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी अनुराग सोनी ने बताया कि वह उक्त गांजा मलकानगिरी (उड़ीसा) से धमतरी ले जा रहा था। वाहन स्वामी लोकेश गोयल की भूमिका भी गांजा तस्करी में पाई गई, जिसे 08.09.2025 को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय कोण्डागांव में प्रस्तुत किया गया।
टीम का योगदान:

इस कार्यवाही में थाना प्रभारी कोण्डागांव निरीक्षक टामेश्वर चौहान, उप निरीक्षक शशिभूषण पटेल, सहायक उप निरीक्षक चिन्ता राम ध्रुव, सुकेन्द्र कश्यप, प्रधान आरक्षक नरेन्द्र देहारी, अजय बघेल एवं आरक्षक रामेश्वर भगत का विशेष योगदान रहा।
कोण्डागांव पुलिस की यह कार्यवाही अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध एक बड़ी सफलता मानी जा रही है, जिससे आने वाले समय में नशा तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगने की उम्मीद है।
