एम्बुलेंस व चालक पर हमला, छह आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजे गए

रायगढ़। आपातकालीन सेवा में तैनात एम्बुलेंस और उसके चालक पर हुए हमले के मामले में पुसौर पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। सड़क दुर्घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची एम्बुलेंस के साथ मारपीट की गई थी, साथ ही वाहन में तोड़फोड़ कर लगभग एक लाख रुपये से अधिक की क्षति पहुंचाई गई थी।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार घटना दिनांक 17 अक्टूबर 2025 की रात्रि की है। एनटीपीसी लारा अंतर्गत संचालित एम्बुलेंस को देवलसुरा मार्ग पर सड़क दुर्घटना की सूचना मिलने पर ग्राम देवलसुरा चौक भेजा गया था। एम्बुलेंस चालक के साथ एमटी देवेन्द्र सोनी भी मौके पर पहुंचे, जहां पहले से भारी भीड़ एकत्रित थी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मौके पर मौजूद विकास साव, सुनील साव, प्रकाश निषाद, रोहित डनसेना, सुनील गुप्ता, शैलेष पटेल सहित लगभग 20-25 लोगों ने एकराय होकर एम्बुलेंस कर्मियों के साथ गाली-गलौच शुरू कर दी। इसके बाद दोनों कर्मचारियों को एम्बुलेंस से खींचकर बाहर निकाला गया और हाथ-मुक्कों से बेरहमी से मारपीट की गई। भीड़ ने पत्थर और हेलमेट से एम्बुलेंस पर हमला कर दिया, जिससे वाहन के आगे, पीछे और साइड के शीशे समेत अन्य हिस्सों को गंभीर नुकसान पहुंचा। हालात बिगड़ते देख एमटी देवेन्द्र सोनी जान बचाकर मौके से भाग गया।

घटना के संबंध में एम्बुलेंस चालक द्वारा दिनांक 19 अक्टूबर 2025 को थाना पुसौर में लिखित आवेदन प्रस्तुत किया गया। आवेदन के आधार पर पुलिस ने धारा 115(2), 324(5), 191(2) भारतीय न्याय संहिता एवं लोक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम 1984 की धारा 3 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की।

विवेचना के दौरान पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मौका नक्शा तैयार किया तथा क्षतिग्रस्त एम्बुलेंस का नुकसानी पंचनामा बनाया। जांच में आरोपियों की संलिप्तता स्पष्ट होने पर पुसौर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आज छह आरोपियों—

विकास कुमार साव (22 वर्ष), सुनील साव (25 वर्ष), प्रकाश कुमार निषाद (28 वर्ष), रोहित कुमार डनसेना (36 वर्ष), सुनील गुप्ता (28 वर्ष) एवं शैलेष पटेल (29 वर्ष), सभी निवासी ग्राम देवलसुरा, थाना पुसौर, जिला रायगढ़—को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आपातकालीन सेवाओं में बाधा डालने और लोक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Related Post