Anp news live Korba भाजपा प्रशिक्षण महाभियान का भव्य समापन, कार्यकर्ताओं ने लिया राष्ट्र निर्माण का संकल्प
कोरबा। भारतीय जनता पार्टी जिला कोरबा द्वारा आयोजित दो दिवसीय “पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान 2026” का समापन उत्साह, अनुशासन और वैचारिक ऊर्जा के साथ संपन्न हुआ। प्रशिक्षण वर्ग के समापन अवसर पर कार्यकर्ताओं में संगठन के प्रति समर्पण, जनसेवा और राष्ट्र निर्माण को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां भारती, दीनदयाल उपाध्याय एवं श्यामा प्रसाद मुखर्जी के तैलचित्रों पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इसके बाद वंदे मातरम् और वर्ग गीत के माध्यम से प्रशिक्षण सत्रों की शुरुआत हुई।
प्रशिक्षण वर्ग में भाजपा की विचारधारा, संगठनात्मक कार्यशैली, राष्ट्रवाद, जनसेवा, कार्यकर्ता निर्माण और संगठन विस्तार जैसे विषयों पर वरिष्ठ नेताओं एवं वक्ताओं ने विस्तारपूर्वक मार्गदर्शन दिया। उद्घाटन सत्र में मुख्य वक्ता अनिल केसरवानी ने “प्रशिक्षण वर्ग का महत्व एवं विचार परिवार” विषय पर संगठन की वैचारिक मजबूती को लेकर अपने विचार रखे। सत्र की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी ने की।
इसके बाद “कार्यकर्ता विकास, गुण, आचरण एवं दायित्व” विषय पर भूपेंद्र सवन्नी ने कार्यकर्ताओं को अनुशासन, समर्पण और सेवा भाव का संदेश दिया। इस सत्र की अध्यक्षता डॉ. राजीव सिंह ने की।
“देश के समक्ष चुनौतियां” विषय पर आयोजित सत्र में रामकुमार भट्ट ने वर्तमान सामाजिक और राष्ट्रीय परिस्थितियों पर विचार साझा किए, जबकि अध्यक्षता मीना शर्मा ने की। वहीं “छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत एवं धरोहर” विषय पर अभिषेक शुक्ला ने प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान और गौरवशाली परंपराओं के संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पवन कुमार सिंह ने की।
“हमारा सैद्धांतिक अधिष्ठान — एकात्म मानववाद एवं सांस्कृतिक राष्ट्रवाद” विषय पर प्रदेश प्रशिक्षण प्रभारी डॉ. अवधेश जैन ने भाजपा की वैचारिक पृष्ठभूमि और राष्ट्रवादी सोच को विस्तार से समझाया। इस सत्र की अध्यक्षता कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन ने की।
“कार्य पद्धति” विषय पर पूर्व सांसद चुन्नीलाल साहू ने संगठन की कार्यशैली, अनुशासन और जनसंपर्क अभियान की रणनीतियों पर विस्तार से प्रकाश डाला। कार्यक्रम के अन्य सत्रों में मीडिया प्रबंधन एवं संवाद विषय पर सुशांत शुक्ला ने मार्गदर्शन दिया, जबकि बूथ प्रबंधन पर सुनील पिल्लई ने कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक मजबूती के सूत्र बताए।
“भारतीय जनता पार्टी का इतिहास एवं विकास” विषय पर नंदन जैन ने पार्टी की यात्रा और विकास पर प्रकाश डाला। पूरे प्रशिक्षण महाभियान के दौरान कार्यकर्ताओं में उत्साह और ऊर्जा का माहौल बना रहा।
समापन अवसर पर भाजपा नेताओं ने कार्यकर्ताओं से जनसेवा, संगठन विस्तार और राष्ट्र निर्माण के संकल्प के साथ सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में जिला मीडिया प्रभारी अर्जुन गुप्ता तथा जिला मीडिया सह प्रभारी शैलेन्द्र यादव एवं संजय राठौर ने कार्यक्रम की जानकारी साझा की।
