सूने मकान बने चोरों का निशाना: रामभांठा में शिक्षिका के घर से 2 लाख के जेवर चोरी, पड़ोसी मकान में भी सेंध

रायगढ़। शहर के कोतवाली थाना अंतर्गत रामभांठा (जवाहर नगर) क्षेत्र में अज्ञात चोरों ने सूने मकानों को निशाना बनाते हुए बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। चोरों ने एक शिक्षिका के बंद मकान का ताला तोड़कर करीब 2 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात और कीमती सामान चोरी कर लिए। यही नहीं, पास के एक अन्य बंद मकान में भी सेंधमारी की कोशिश की गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रामभांठा निवासी आशा भगत (34 वर्ष), जो गेरवानी हाई स्कूल में व्याख्याता के पद पर पदस्थ हैं, 22 दिसंबर को अपनी मां पार्वती के साथ पारिवारिक कार्य से जशपुर गई हुई थीं। इसी दौरान घर सूना पाकर अज्ञात बदमाशों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया।

26 दिसंबर को जब आशा भगत की मां पार्वती जशपुर से वापस रायगढ़ लौटीं, तो घर का मुख्य द्वार खुला और ताला टूटा देख उनके होश उड़ गए। घर के अंदर सारा सामान बिखरा पड़ा था। अलमारी की जांच करने पर उसमें रखे सोने का हार, झुमके, चांदी की पायल, स्मार्ट वॉच सहित अन्य कीमती सामान गायब मिले। चोरी गए सामानों की कुल कीमत लगभग 2 लाख रुपये आंकी जा रही है।

चोरों के हौसले इतने बुलंद थे कि उन्होंने बगल में रहने वाले अनिल कुजूर के बंद मकान को भी निशाना बनाया। अनिल कुजूर का परिवार भी 26 दिसंबर को अपने गृह ग्राम बगीचा गया हुआ था। चोरों ने वहां भी ताला तोड़कर चोरी का प्रयास किया।

मामले की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 305 और 331(4) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। कोतवाली पुलिस का कहना है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संदिग्धों से पूछताछ जारी है। पुलिस ने जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का भरोसा दिलाया है।

Related Post