कोण्डागांव, 26 अगस्त 2026। जिले में जुआ एवं सट्टा जैसी अवैधानिक गतिविधियों के खिलाफ कोण्डागांव पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में ग्राम बनियागांव सरगीपारा में पुलिस ने जुआ खेलते हुए 5 आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे और जुआ फड़ से ₹1,990 नगद सहित कुल ₹53,990 की सामग्री जब्त की गई है।
पुलिस के अनुसार, 26 अगस्त को सूचना मिली थी कि बनियागांव सरगीपारा में कुछ लोग 52 पत्तों से ताश का जुआ खेलते हुए रुपये-पैसों का दांव लगा रहे हैं। सूचना पर थाना कोण्डागांव एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और जुआ खेल रहे पांच लोगों को पकड़ लिया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 52 ताश के पत्ते, एक पुराना कपड़ा, 5 टच स्क्रीन मोबाइल और ₹1,990 नगद बरामद किए। जब्त मोबाइल की अनुमानित कीमत ₹52 हजार बताई गई है। इस तरह कुल जब्ती की कीमत ₹53,990 आंकी गई है।
गिरफ्तार आरोपियों में विनोदी वास्तकला (27), कृष्णा मण्डावी (23), लोकेश्वर नेताम (32), राजेश मण्डावी (30) और गुपेन्द्र सोढ़ी (24) सभी निवासी बनियागांव सरगीपारा शामिल हैं।
आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम, 2022 की धारा 3 के तहत थाना कोण्डागांव में मामला दर्ज कर विवेचना की जा रही है। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक पंकज चन्द्रा के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपील चन्द्रा के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी रूपेश कुमार के नेतृत्व में की गई। पुलिस ने कहा है कि जुआ, सट्टा और अन्य असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
