सूने मकान में बड़ी चोरी, तिजोरी सहित जेवरात और नकदी ले उड़े चोर खिड़की की ग्रिल तोड़कर घुसे अज्ञात चोर

रायगढ़ शहर के कोतरारोड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत ढिमरापुर बाइपास रोड स्थित फ्रेंड्स कॉलोनी में अज्ञात चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाया। चोर खिड़की की ग्रिल तोड़कर घर के भीतर दाखिल हुए और बेडरूम का ताला तोड़ दिया।

तिजोरी समेत करीब दो लाख की नकदी व जेवरात चोरी

चोरों ने घर में रखी करीब 50 तोला सोना-चांदी के जेवरात और लगभग दो लाख रुपए नकद से भरी तिजोरी को ही उठाकर फरार हो गए। चोरी के बाद घर का सारा सामान बिखरा हुआ मिला।

परिवार रायपुर गया था, घर था बंद

मिली जानकारी के अनुसार, मकान नंबर-19 निवासी आलोक अग्रवाल पिता बजरंग अग्रवाल, जो श्रीराम हाईटेक (फर्नेस प्लांट) के संचालक के पुत्र हैं, 27 दिसंबर को पूरे परिवार के साथ रायपुर गए हुए थे। 29 दिसंबर को उनकी रायगढ़ वापसी होनी थी।

काम करने वाली बाई ने देखा संदिग्ध हालात

सोमवार दोपहर करीब 12 बजे घर की साफ-सफाई के लिए काम करने वाली बाई मकान पहुंची। बाहर का ताला खोलने के बाद जब दरवाजा नहीं खुला तो उसने आलोक अग्रवाल को इसकी सूचना दी। आलोक ने अपने एक रिश्तेदार को मौके पर भेजा।

पीछे से मिला चोरी का सुराग

रिश्तेदार ने दरवाजा खोलने की काफी कोशिश की, लेकिन असफल रहने पर पीछे जाकर देखा तो एक खिड़की की ग्रिल उखड़ी हुई मिली। शक होने पर खिड़की के रास्ते अंदर जाकर देखा गया, जहां मेन गेट अंदर से लॉक था, बेडरूम का ताला टूटा हुआ था और सामान बिखरा पड़ा था।

पुलिस को दी गई सूचना, जांच जारी

घटना की जानकारी आलोक अग्रवाल के साले ने उनके पिता बजरंग अग्रवाल को दी। इसके बाद बजरंग अग्रवाल मौके पर पहुंचे और कोतरारोड़ पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंचकर मकान को सील कर दिया है और बीते दो दिनों से अज्ञात चोरों की तलाश में जुटी हुई है, हालांकि अब तक कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लग सका है।

Related Post