लोकेशन: बिलासपुर
संवाददाता: विशु तिवारी
खुले बिजली के तार की चपेट में आने से हुआ हादसा
बिलासपुर। जिले के सिरगिट्टी थाना क्षेत्र अंतर्गत नया पारा वार्ड क्रमांक-11 स्थित दुर्गा मंदिर के पास शनि मंदिर के समीप गुरुवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। मकान की पुताई के दौरान करंट लगने से एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान छोटू साहू के रूप में हुई है।
सीढ़ी पर काम करते समय लगा करंट
प्राप्त जानकारी के अनुसार, छोटू साहू एक मकान में पुताई का कार्य कर रहा था। इसी दौरान वह सीढ़ी पर चढ़कर काम कर रहा था, तभी उसका संपर्क खुले बिजली के तार से हो गया। तेज करंट लगने के कारण वह सीढ़ी से नीचे गिर पड़ा और गंभीर रूप से घायल हो गया।
सिम्स अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
घटना के बाद साथ में काम कर रहे सहयोगियों ने तत्काल उसे उपचार के लिए बिलासपुर के सिम्स अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शुरू की जांच, पोस्टमार्टम के बाद होगी स्थिति स्पष्ट
घटना की सूचना मिलते ही सिरगिट्टी पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार शव का पोस्टमार्टम गुरुवार को कराया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत के कारणों सहित अन्य तथ्यों की विस्तृत जानकारी सामने आएगी।
मजदूर संगठन ने की निष्पक्ष जांच और सहायता की मांग
घटना के बाद छत्तीसगढ़ जनता मजदूर कल्याण संघ के प्रदेश अध्यक्ष संदीप कुमार एवं महासचिव राजा बर्मन भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने मृतक के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और पीड़ित परिवार को उचित आर्थिक सहायता प्रदान करने की मांग की।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
