एकादशी पर धूमधाम से निकली भगवान शालिग्राम की बारात, वैदिक मंत्रोच्चार के बीच तुलसी माता से हुआ विवाह

कोण्डागांव, 20 नवंबर 2026। कार्तिक शुक्ल एकादशी के पावन अवसर पर शुक्रवार को जिला मुख्यालय के बाजारपारा में तुलसी-शालिग्राम विवाह उत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। सार्वजनिक तुलसी विवाह समिति द्वारा आयोजित इस धार्मिक आयोजन में भगवान शालिग्राम की बारात धूमधाम से निकाली गई। नगर भ्रमण के बाद बारात शीतला माता मंदिर पहुंची, जहां तुलसी माता विराजमान थीं। परंपरानुसार बारात का स्वागत कर तुलसी माता को विवाह स्थल लाया गया। इसके बाद वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ तुलसी-शालिग्राम विवाह संपन्न कराया गया।

 

आयोजन के दौरान सगाई, फलदान, मंडपाच्छादन, चुलमाटी, हल्दी, बारात, बारात परघाना, लग्न, पाणिग्रहण और विदाई सहित विवाह की सभी पारंपरिक रस्में निभाई गईं। कार्यक्रम में कोण्डागांव विधायक लता उसेंडी और पार्षद सोनमणी पोयाम सहित बड़ी संख्या में नगरवासी शामिल हुए।

 

विधायक लता उसेंडी ने कहा कि कोण्डागांव में कई वर्षों से तुलसी विवाह का आयोजन निरंतर किया जा रहा है। नगरवासी पूरे उत्साह के साथ पारंपरिक रीति-रिवाजों का निर्वहन करते हैं। उन्होंने तुलसी माता से नगर में सुख, शांति और समृद्धि बनाए रखने तथा कोण्डागांव की निरंतर प्रगति की कामना की।

Uploaded Image

वहीं शीतलेश्वर महादेव मंदिर के पुजारी पंडित वीरेंद्र शर्मा ने बताया कि तुलसी-शालिग्राम विवाह के साथ ही हिंदू धर्म में विवाह सहित अन्य मांगलिक कार्यों की शुरुआत मानी जाती है। इसी मान्यता के अनुसार प्रतिवर्ष विवाह की सभी रस्में पारंपरिक विधि-विधान से संपन्न कराई जाती हैं।

Related Post