कोण्डागांव, 20 नवंबर 2026। सड़क हादसे में जान गंवाने वाले कोण्डागांव जिला के प्रधान आरक्षक ज्ञानसिंह मण्डावी के परिवार को पुलिस सैलरी पैकेज के तहत 1 करोड़ 10 लाख रुपये की जीवन बीमा सहायता मिली है। भारतीय स्टेट बैंक की ओर से यह राशि उनकी पत्नी श्यामा बाई मण्डावी को प्रदान की गई। छत्तीसगढ़ शासन की पुलिस सैलरी पैकेज योजना के तहत पुलिसकर्मियों को मिलने वाली इस सुविधा से दिवंगत प्रधान आरक्षक के परिवार को आर्थिक सहायता मिली है।
प्रधान आरक्षक ज्ञानसिंह मण्डावी थाना माकड़ी में पदस्थ थे। 10 अप्रैल 2026 को वे गिरफ्तारी वारंटी शिवलाल नेताम को न्यायालय कोण्डागांव में पेश करने ले जा रहे थे। इसी दौरान पलारी रोड स्थित हाईवे पेट्रोल पंप के पास बायपास रोड क्रॉस करते समय केशकाल की ओर से आ रहे ट्रक क्रमांक सीजी 06 एचबी 8812 ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में उनकी असामयिक मृत्यु हो गई थी।
छत्तीसगढ़ शासन ने पुलिसकर्मियों के लिए भारतीय स्टेट बैंक के साथ पुलिस सैलरी पैकेज के तहत एमओयू किया है। इसी योजना के अंतर्गत दिवंगत प्रधान आरक्षक की नामिनी पत्नी श्यामा बाई मण्डावी को 1 करोड़ 10 लाख रुपये की बीमा राशि स्वीकृत कर प्रदान की गई। पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा के प्रयास और मार्गदर्शन में बीमा राशि दिलाने की प्रक्रिया पूरी की गई। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपिल चंद्रा, उप पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ बघेल, उप निरीक्षक उमेश मिश्रा, एसबीआई केशकाल के बैंक मैनेजर जीवन हेम्वरम, एसबीआई कोण्डागांव शाखा प्रबंधक पुरुषोत्तम गुरु, एसबीआई लाइफ के कांकेर रीजन एरिया मैनेजर राम कुमार देवांगन सहित पुलिस कार्यालय के कर्मचारी और दिवंगत प्रधान आरक्षक के परिजन उपस्थित रहे।
