राज्य स्तरीय शाला क्रीड़ा प्रतियोगिता में SAGES जामकोट पारा के छात्र अर्जुन यादव और देव मिस्त्री ने जीता रजत पदक, जिले का बढ़ाया मान

कोंडागांव, 17 जुलाई। छत्तीसगढ़ स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित 26वीं राज्य स्तरीय शाला क्रीड़ा प्रतियोगिता (सत्र 2026-27) के अंडर-17 बालक बॉक्सिंग वर्ग में स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय (SAGES), जामकोटपारा के दो प्रतिभाशाली खिलाड़ियों अर्जुन यादव और देव मिस्त्री ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक (द्वितीय स्थान) हासिल किया। दोनों खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से विद्यालय के साथ-साथ पूरे कोंडागांव जिले में खुशी का माहौल है।

 

विद्यालय की प्राचार्य रूबी भट्टाचार्य ने दोनों खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि अर्जुन यादव और देव मिस्त्री की यह सफलता उनकी कड़ी मेहनत, अनुशासन, लगन और खेल के प्रति समर्पण का परिणाम है। उन्होंने कहा कि दोनों खिलाड़ियों की उपलब्धि विद्यालय के अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी और उन्हें खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित करेगी।

 

विद्यालय परिवार ने दोनों युवा मुक्केबाजों का सम्मान करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा आगामी नेशनल स्कूल गेम्स में स्वर्ण पदक जीतकर छत्तीसगढ़ और कोंडागांव का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन करने के लिए शुभकामनाएं दीं।

Related Post