Anp News Live ऑल इंडिया महिला फुटबॉल एसोसिएशन का वार्षिक अधिवेशन 24 अगस्त 2026 को झारखंड के जमशेदपुर स्थित कैनल लाइट होटल में आयोजित किया गया। अधिवेशन में देश के विभिन्न राज्यों से जुड़े पदाधिकारियों, खेल प्रतिनिधियों और महिला फुटबॉल क्षेत्र से जुड़े सदस्यों ने भाग लिया। इस दौरान संगठन की राष्ट्रीय कार्यकारिणी का पुनर्गठन किया गया।
अधिवेशन में सर्वसम्मति से गुंजन कुमारी सिंह को राष्ट्रीय चेयरमैन और मो. कासिम अंसारी को अध्यक्ष चुना गया। वहीं छत्तीसगढ़ से शेख मोहम्मद जावेद को लगातार दूसरी बार महासचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई। साजी टी. जॉन कोषाध्यक्ष बनाए गए, जबकि छत्तीसगढ़ की सुनीता देवांगन को राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य नियुक्त किया गया।
इसके अलावा पश्चिम बंगाल, महाराष्ट्र, दिल्ली, पंजाब, बिहार, उत्तर प्रदेश, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, ओडिशा, उत्तराखंड, राजस्थान और असम सहित देश के विभिन्न राज्यों से पदाधिकारियों एवं कार्यकारिणी सदस्यों का चयन किया गया। नई कार्यकारिणी के गठन के साथ संगठन ने महिला फुटबॉल को देशभर में और अधिक प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने की दिशा में अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
बैठक में महिला खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने, प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर पर मंच देने तथा देशभर में महिला फुटबॉल प्रतियोगिताओं के आयोजन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। पदाधिकारियों ने कहा कि आने वाले समय में महिला फुटबॉल को मजबूत करने के लिए राज्यों के बीच समन्वय बढ़ाया जाएगा और अधिक से अधिक खिलाड़ियों को प्रतियोगिताओं में भाग लेने का अवसर दिया जाएगा।
संगठन से जुड़े प्रतिनिधियों के अनुसार, आगामी आयोजनों में देश के दर्जनों राज्यों की महिला फुटबॉल टीमें हिस्सा लेंगी। इससे खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ राष्ट्रीय स्तर पर अनुभव हासिल करने का अवसर मिलेगा। अधिवेशन में महिला फुटबॉल के विकास, खिलाड़ियों की भागीदारी बढ़ाने और प्रतियोगिताओं को व्यापक स्तर पर आयोजित करने को लेकर आगे की कार्ययोजना पर भी विचार-विमर्श किया गया।
राष्ट्रीय कार्यकारिणी में सुनीता देवांगन की नियुक्ति को छत्तीसगढ़ के महिला फुटबॉल क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। इससे राज्य की महिला खिलाड़ियों और खेल प्रतिनिधियों को राष्ट्रीय संगठन के स्तर पर अपनी बात रखने तथा खेल गतिविधियों को आगे बढ़ाने का अवसर मिलेगा।
