Anp News Live Korba जिले में प्रशासनिक व्यवस्था को लेकर कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी कुणाल दुदावत ने चार अधिकारियों के कार्यविभाजन और नवीन पदस्थापना का आदेश जारी किया है। जारी आदेश के तहत कोरबा, पाली और पोड़ी-उपरोड़ा अनुविभागों में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) एवं अनुविभागीय दण्डाधिकारी की जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है।
आदेश के अनुसार श्री ओंकार यादव को कोरबा अनुविभाग का अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) एवं अनुविभागीय दण्डाधिकारी नियुक्त किया गया है। वहीं श्री तुलाराम भारद्वाज को पाली अनुविभाग तथा सुश्री रेणुका रात्रे को पोड़ी-उपरोड़ा अनुविभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
प्रशासनिक फेरबदल के तहत संयुक्त कलेक्टर श्री मनोज कुमार बंजारे को पोड़ी-उपरोड़ा अनुविभाग से हटाकर जिला कार्यालय कोरबा में पदस्थ किया गया है। वहीं प्रवर श्रेणी अधिकारी श्री ओंकार यादव और संयुक्त कलेक्टर श्री तुलाराम भारद्वाज, जो पूर्व में जिला कार्यालय कोरबा में पदस्थ थे, उन्हें अब क्रमशः कोरबा और पाली अनुविभाग की जिम्मेदारी दी गई है।
इसी तरह डिप्टी कलेक्टर सुश्री रेणुका रात्रे को जिला कार्यालय कोरबा से पोड़ी-उपरोड़ा अनुविभाग में पदस्थ किया गया है। कलेक्टर कुणाल दुदावत द्वारा जारी यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होगा।
इस प्रशासनिक बदलाव के बाद जिले के तीन प्रमुख अनुविभागों में राजस्व और प्रशासनिक कार्यों की जिम्मेदारी नए अधिकारियों के हाथों में होगी।
