महेशपुर के वार्ड क्रमांक 07 में लगा जनसमस्या निवारण शिविर, राशन, आवास और पेंशन से जुड़ी शिकायतें आईं सामने

Anp News Live Korba आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित निराकरण करने और शासकीय योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के उद्देश्य से नगर पालिका परिषद कटघोरा द्वारा विशेष अभियान शुरू किया गया है। इसी क्रम में वार्ड क्रमांक 07 महेशपुर में ‘नगर की सरकार आपके द्वार’ कार्यक्रम के तहत जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों और हितग्राहियों ने पहुंचकर अपनी समस्याएं नगर पालिका के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सामने रखीं।

शिविर में नगर पालिका अध्यक्ष राज जायसवाल और उपाध्यक्ष लालबाबू ठाकुर स्वयं मौजूद रहे। उन्होंने वार्डवासियों से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा शासन की विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर जल्द निराकरण करने के निर्देश दिए।

राशन वितरण में अनियमितता की शिकायत

शिविर में राशन वितरण से जुड़ी समस्या भी प्रमुखता से सामने आई। स्थानीय हितग्राही सुशीला बाई ने बताया कि पिछले दो-तीन महीनों से उचित मूल्य की दुकान से कई लोगों को नियमित रूप से चावल नहीं मिल पा रहा है। उनका कहना था कि फिंगरप्रिंट लगाने के बावजूद राशन प्राप्त नहीं हो रहा है। इस पर नगर पालिका अध्यक्ष राज जायसवाल ने समस्या के शीघ्र समाधान का आश्वासन देते हुए नियमित राशन वितरण सुनिश्चित कराने की बात कही।

प्रधानमंत्री आवास और पेंशन के मामलों पर भी हुई चर्चा

नगर पालिका अध्यक्ष राज जायसवाल ने बताया कि शिविरों में प्रधानमंत्री आवास योजना और लंबे समय से पेंशन नहीं मिलने से संबंधित शिकायतें भी सामने आ रही हैं। कुछ हितग्राहियों ने पिछले 8 से 9 महीनों से पेंशन भुगतान लंबित होने की समस्या बताई है। अध्यक्ष ने कहा कि पेंशन से जुड़े मामलों के निराकरण के लिए नगर पालिका की ओर से शासन को पत्र लिखा जाएगा, ताकि पात्र हितग्राहियों को राहत मिल सके।

पानी, सफाई और राशन कार्ड की समस्याओं का मौके पर समाधान

नगर पालिका उपाध्यक्ष लालबाबू ठाकुर ने बताया कि कई ऐसे नागरिक हैं, जो अपनी समस्याएं लेकर नगर पालिका कार्यालय तक नहीं पहुंच पाते। ऐसे लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए वार्डों में ही शिविर लगाकर उनकी शिकायतें सुनी जा रही हैं। उन्होंने कहा कि पानी, साफ-सफाई और राशन कार्ड जैसी मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी छोटी-छोटी समस्याओं का यथासंभव मौके पर ही समाधान किया जा रहा है।

14 जनवरी 2027 तक सभी वार्डों में लगेंगे शिविर

नगर पालिका परिषद कटघोरा द्वारा संचालित यह विशेष अभियान 26 नवंबर से शुरू होकर 14 जनवरी 2027 तक जारी रहेगा। इस दौरान नगर के सभी वार्डों में जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किए जाएंगे। अभियान के माध्यम से नगर पालिका प्रशासन नागरिकों तक पहुंचकर उनकी समस्याओं को समझने और उनका त्वरित निराकरण करने का प्रयास करेगा।

‘नगर की सरकार आपके द्वार’ पहल से नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार नगर पालिका कार्यालय जाने की आवश्यकता कम होगी और स्थानीय स्तर पर ही अधिकारियों तक अपनी बात पहुंचाने का अवसर मिलेगा।

Related Post