मरवाही की भारती केवट ने हैमर थ्रो में जीता स्वर्ण पदक, क्षेत्र का बढ़ाया मान

मरवाही की भारती केवट ने हैमर थ्रो में जीता स्वर्ण पदक

राज्य स्तरीय शालेय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन, अब SGFI राष्ट्रीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता में प्रतिभा दिखाने की तैयारी

आशीष श्रीवास/ गौरेला पेंड्रा मरवाही 

मरवाही। मरवाही क्षेत्र की होनहार एथलीट भारती केवट ने अपनी प्रतिभा, कड़ी मेहनत और निरंतर अभ्यास के दम पर राज्य स्तर पर शानदार उपलब्धि हासिल की है। जगदलपुर, बस्तर में 17 से 20 सितंबर तक आयोजित राज्य स्तरीय सेल एथलेटिक्स प्रतियोगिता में भारती ने 17 वर्ष बालिका वर्ग के हैमर थ्रो (तारगोला फेंक) स्पर्धा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। उनकी इस उपलब्धि से मरवाही क्षेत्र, विद्यालय परिवार और खेल जगत में खुशी की लहर है।

Uploaded Image

राष्ट्रीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता के लिए चयन, दिसंबर में दिखाएंगी दमखम

राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में स्वर्णिम प्रदर्शन के आधार पर भारती केवट का चयन एसजीएफआई (SGFI) राष्ट्रीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता के लिए किया गया है। राष्ट्रीय स्तर की यह प्रतियोगिता दिसंबर माह में प्रस्तावित है। भारती के राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयनित होने से उनके परिवार में हर्ष और उत्साह का माहौल है। अब वह राष्ट्रीय स्तर पर अपने खेल कौशल का प्रदर्शन करने के लिए तैयारी में जुटेंगी।

प्रमोद कुमार धीवर के मार्गदर्शन में निखरी भारती की प्रतिभा

भारती केवट की इस सफलता में उनके खेल एवं व्यायाम शिक्षक तथा कोच श्री प्रमोद कुमार धीवर के मार्गदर्शन और प्रशिक्षण की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। मरवाही फिजिकल अकादमी से जुड़ी भारती ने कोच प्रमोद कुमार धीवर के निर्देशन में नियमित अभ्यास, अनुशासन और कठिन परिश्रम के जरिए हैमर थ्रो में अपनी तकनीक को निखारा। प्रशिक्षण के दौरान खेल की बारीकियों, शारीरिक क्षमता, फिटनेस और प्रतियोगिता की तैयारी पर विशेष ध्यान दिया गया।

Uploaded Image

कोच प्रमोद कुमार धीवर के मार्गदर्शन में भारती ने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर यह साबित किया कि ग्रामीण अंचल की प्रतिभाओं को उचित प्रशिक्षण और अवसर मिले तो वे भी खेल के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धियां हासिल कर सकती हैं। भारती की सफलता मरवाही फिजिकल अकादमी में चल रहे खेल प्रशिक्षण और प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के प्रयासों का भी परिणाम है।

शासकीय विद्यालय की दसवीं की छात्रा हैं भारती

भारती केवट शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, परासी में कक्षा दसवीं की छात्रा हैं। पढ़ाई के साथ-साथ खेल के प्रति उनकी लगन और समर्पण ने उन्हें राज्य स्तर पर पहचान दिलाई है। उन्होंने अपने निरंतर अभ्यास, मेहनत और दृढ़ इच्छाशक्ति से हैमर थ्रो जैसी चुनौतीपूर्ण एथलेटिक्स स्पर्धा में स्वर्ण पदक हासिल कर विद्यालय एवं पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है।

भारती की इस उपलब्धि से यह संदेश भी मिलता है कि ग्रामीण और आदिवासी अंचलों में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। आवश्यकता केवल उन्हें सही दिशा, संसाधन, प्रशिक्षण और प्रतियोगिताओं में भाग लेने के अवसर उपलब्ध कराने की है।

जनप्रतिनिधियों एवं शिक्षा विभाग ने दी बधाई

भारती केवट की राज्य स्तरीय सफलता और राष्ट्रीय स्तर पर चयन पर मरवाही विधायक प्रणव कुमार मरपच्ची, जिला शिक्षा अधिकारी श्री रजनीश तिवारी, जिला क्रीड़ा अधिकारी श्रीमती सीमा डेविड, विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री संजय वर्मा, विद्यालय के प्राचार्य श्री जी.पी. खूंटे, खेल एवं व्यायाम शिक्षक तथा कोच श्री प्रमोद कुमार धीवर, विद्यालय परिवार एवं मरवाही फिजिकल अकादमी परिवार के सदस्यों ने बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।

सभी ने भारती के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उम्मीद जताई कि वह राष्ट्रीय स्तर पर भी अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से मरवाही और छत्तीसगढ़ का नाम गौरवान्वित करेंगी। भारती की इस उपलब्धि से उनके परिवार, शिक्षकों, प्रशिक्षकों और क्षेत्रवासियों में उत्साह का माहौल है। अब खेलप्रेमियों की निगाहें दिसंबर में प्रस्तावित राष्ट्रीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता पर टिकी हैं, जहां भारती अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी।

Related Post