Anp News Live Korba शहर के सीएसईबी चौकी क्षेत्र अंतर्गत महाराणा प्रताप चौक पर शनिवार तड़के एक टायर दुकान में आग लगने की घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग दुकान के बाहर रखे टायरों में लगी और देखते ही देखते लपटें तेज हो गईं। घटना के दौरान आसपास के लोगों ने तत्परता दिखाते हुए आग बुझाने का प्रयास किया। आगजनी की घटना का वीडियो भी सामने आया है।
जानकारी के अनुसार, महाराणा प्रताप चौक के पास मो. नौशाद द्वारा अब्दुल्ला टायर दुकान का संचालन किया जाता है। शनिवार सुबह करीब 3:30 बजे दुकान के बाहर रखे टायरों में अचानक आग लग गई। आग की लपटें उठती देख आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आग को फैलने से रोकने के लिए जुट गए। स्थानीय लोगों के प्रयास से आग पर काबू पाया गया।
80 हजार से 1 लाख रुपये तक नुकसान की आशंका
टायरों में आग लगने से दुकान संचालक को आर्थिक नुकसान होने की आशंका है। प्रारंभिक तौर पर नुकसान करीब 80 हजार रुपये से लेकर 1 लाख रुपये तक बताया जा रहा है। घटना में किसी के घायल होने अथवा जनहानि की जानकारी सामने नहीं आई है।
असामाजिक तत्वों पर जताई आशंका
दुकान संचालक ने आग लगने की घटना के पीछे असामाजिक तत्वों का हाथ होने की आशंका जताई है। हालांकि, आग किन परिस्थितियों में लगी और इसके पीछे कोई साजिश थी या नहीं, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। मामले की जांच पुलिस द्वारा की जा रही है।
