Anp News Live Korba जिले में राजस्व प्रशासनिक व्यवस्था को सुचारू बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी कुणाल दुदावत ने छह तहसीलदारों की अस्थायी नवीन पदस्थापना के आदेश जारी किए हैं। जारी आदेश के तहत जिले की छह तहसीलों में तहसीलदारों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया गया है। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होगा और आगामी आदेश तक प्रभावी रहेगा।
कलेक्टर द्वारा जारी आदेश के अनुसार दीपका तहसील में पदस्थ तहसीलदार अभिजीत राजभानू को हरदीबाजार तहसील की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं पसान तहसील कार्यालय में पदस्थ विरेंद्र कुमार श्याम को पाली तहसील का तहसीलदार नियुक्त किया गया है।
इसी तरह अजगरबहार तहसील में पदस्थ तहसीलदार रविशंकर राठौर को दीपका तहसील में नवीन पदस्थापना दी गई है, जबकि पोड़ीउपरोड़ा तहसील के तहसीलदार विनय देवांगन को पसान तहसील में पदस्थ किया गया है।
इसके अलावा स्थानांतरण के बाद जिले में उपस्थित तहसीलदार उमेश्वर सिंह बाज को पोड़ीउपरोड़ा तहसील की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं श्रीमती सिद्धि गबेल को अजगरबहार तहसील का तहसीलदार नियुक्त किया गया है।
कलेक्टर द्वारा जारी इस आदेश से जिले की हरदीबाजार, पाली, दीपका, पसान, पोड़ीउपरोड़ा और अजगरबहार तहसीलों में राजस्व प्रशासन की जिम्मेदारियों का नया कार्यविभाजन किया गया है। सभी पदस्थापनाएं अस्थायी रूप से की गई हैं तथा आदेश तत्काल प्रभाव से लागू रहेगा।
