एक दिन की एसपी बनीं छात्रा प्रिया नेताम, स्कूल की पेयजल समस्या दूर करने वाटर फिल्टर लगाने के दिए निर्देश

कोंडागांव, 27 नवंबर 2026। पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली से विद्यार्थियों को रूबरू कराने और उनमें नेतृत्व क्षमता विकसित करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक कार्यालय कोंडागांव में शासकीय हाई स्कूल जैतपुरी, फरसगांव के छात्र-छात्राओं का शैक्षणिक भ्रमण कराया गया। इस दौरान छात्रा प्रिया नेताम को एक दिन के लिए पुलिस अधीक्षक (एसपी) बनने का अवसर मिला।

Uploaded Image

पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा ने विद्यार्थियों को पुलिस विभाग की विभिन्न शाखाओं का भ्रमण कराया और पुलिस की कार्यप्रणाली, कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा अपराधों की जांच की प्रक्रिया के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।

Uploaded Image

एक दिन की एसपी की जिम्मेदारी संभालते ही प्रिया नेताम ने अपने विद्यालय की पेयजल समस्या को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने स्कूल में स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए वाटर फिल्टर लगाए जाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। उनकी इस पहल ने छात्राओं में नेतृत्व क्षमता और अपनी समस्याओं को प्रशासन के सामने रखने का आत्मविश्वास प्रदर्शित किया।

 

भ्रमण के दौरान एसपी पंकज चंद्रा ने विद्यार्थियों को पुलिस विभाग में इस्तेमाल होने वाली आधुनिक तकनीकों से भी परिचित कराया। उन्होंने आईरिस स्कैनर, क्राइम मैक एप्लीकेशन और फिंगरप्रिंट तकनीक की कार्यप्रणाली समझाते हुए बताया कि इन तकनीकों की मदद से अपराधियों की पहचान और अपराधों के अनुसंधान में किस प्रकार सहायता मिलती है।

Uploaded Image

इस दौरान विद्यार्थियों ने पुलिस की कार्यप्रणाली और आधुनिक तकनीकी उपकरणों के बारे में उत्सुकता से जानकारी प्राप्त की। यह आयोजन विद्यार्थियों को पुलिस प्रशासन की जिम्मेदारियों को समझने, नेतृत्व क्षमता विकसित करने और सामाजिक समस्याओं के समाधान के लिए पहल करने की प्रेरणा देने वाला रहा।

 

इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य राजेश पांडेय सहित शिक्षक लीना तिवारी, पूनम नाग, गौरव राय, टेमन साहू एवं तौफीक आलम उपस्थित रहे।

Related Post