धान खरीदी से पहले किसानों के फसल दावों की होगी मौके पर जांच, कलेक्टर ने दिए निर्देश

Anp News Live Korba खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में धान खरीदी को लेकर किसानों के खसरा और फसल प्रविष्टि से जुड़े दावों एवं आपत्तियों की अब भौतिक जांच की जाएगी। राज्य शासन के निर्देशों के अनुरूप कलेक्टर कुणाल दुदावत ने जिले के सभी एसडीएम और तहसीलदारों को संबंधित प्रकरणों का परीक्षण कर निर्धारित समयसीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन का उद्देश्य पात्र किसानों को धान विक्रय के दौरान किसी तरह की परेशानी से बचाना और राजस्व अभिलेखों में खेतों की वास्तविक फसल की स्थिति दर्ज कराना है।

खसरा मैपिंग के प्रकरणों का भी होगा निराकरण

ऐसे किसान जिनके खसरे फार्मर रजिस्ट्री में दर्ज हैं, लेकिन खसरा मंडल में प्रदर्शित नहीं हो रहे हैं, उनके भूमि विवरण की मैपिंग के लिए संबंधित समितियों की आईडी में ‘एग्रीस्टेक से धान खरीदी हेतु भूमि विवरण सिंक करें’ विकल्प उपलब्ध कराया गया है। कलेक्टर ने अधिकारियों को ऐसे मामलों की नियमित निगरानी करने और संबंधित समितियों के माध्यम से खसरा मैपिंग का कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए हैं। खसरा मैपिंग के लिए 15 जनवरी 2027 तक की समयसीमा निर्धारित की गई है।

DCS में दूसरी फसल दर्ज होने पर होगी मौके पर जांच

जिन खसरों में डिजिटल क्रॉप सर्वे (DCS) के दौरान दूसरी फसल दर्ज की गई है, जबकि संबंधित किसान ने धान की खेती होने का दावा किया है, ऐसे मामलों में तहसीलदारों के माध्यम से विस्तृत भौतिक सत्यापन कराया जाएगा। इसके अलावा जिन खसरों में डिजिटल क्रॉप सर्वे और पटवारी सत्यापन ऐप दोनों में फसल प्रविष्टि उपलब्ध नहीं होने के कारण सत्यापन नहीं हो पाया है, उन प्रकरणों का भी परीक्षण किया जाएगा।

खेतों में पहुंचकर फसल और रकबे की जांच करेंगे अधिकारी

कलेक्टर कुणाल दुदावत ने तहसीलदारों को निर्देशित किया है कि सत्यापन के दौरान राजस्व अभिलेखों का मिलान करने के साथ संबंधित खेतों में पहुंचकर वास्तविक फसल और उसके क्षेत्रफल की जांच की जाए। सत्यापन प्रक्रिया को प्रमाणिक बनाने के लिए मौके पर फसल की स्थिति दर्शाने वाले फोटो भी संलग्न किए जाएंगे।

जांच के बाद सही एवं अद्यतन जानकारी निर्धारित प्रारूप में संकलित कर फसल प्रविष्टि अथवा संशोधन की अग्रिम कार्रवाई के लिए 30 नवंबर 2026 तक उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासनिक स्तर पर इस प्रक्रिया के माध्यम से फसल संबंधी रिकॉर्ड की त्रुटियों को सुधारने और वास्तविक खेती करने वाले पात्र किसानों को धान खरीदी का लाभ दिलाने की दिशा में कार्रवाई की जाएगी।

Related Post